
Parvesh Verma VS Arvind Kejriwal: नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए थप्पड़ विवाद को लेकर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान उनसे भिड़ने वाला व्यक्ति 'जेन-जी' का युवा नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी का 'गुंडा' था।
प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि वे आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थे। उनका कहना है कि वह दिल्ली सरकार की ओर से किए जा रहे काम की जानकारी देने और शिकायत का समाधान करने के लिए वहां गए थे।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि अब अरविंद केजरीवाल मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के लिए झूठी कसमें खाना, मतदान के दिन बुजुर्ग माता-पिता को व्हीलचेयर पर बैठाकर भावनात्मक कार्ड खेलना, शीशमहल में महिला सांसद के साथ मारपीट करना और दिल्ली के मुख्य सचिव के साथ मारपीट करना आदत बन गई थी। अब 'Gen Z' का सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल जी, कल मेरे दौरे के दौरान जो व्यक्ति मेरे सामने आया था, वह Gen-Z नहीं था, आपका गुंडा था। आपका विधायक कई गुंडों के साथ वहां पहुंचा था। उन्होंने कहा कि वह संबंधित व्यक्ति को यह समझाने गए थे कि दिल्ली सरकार किस तरह का काम कर रही है। अगर किसी को कोई शिकायत थी तो वह उसे सुनने और उसका समाधान करने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि शायद दिल्ली में यह पहली बार हुआ है कि किसी विपक्षी विधायक की शिकायत मिलने पर कोई मंत्री खुद मौके पर पहुंचा और वहां समस्या का समाधान करने की कोशिश की।
उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह इन बातों को नहीं समझ पा रहे हैं तो इसकी वजह यह है कि 15 साल तक दिल्ली में न तो सड़कें बनाई गईं और न ही विकास के काम किए गए। वर्मा ने कहा कि केजरीवाल जी, मैं आपको बताना चाहता हूं कि आपका यह Gen Z वाला ड्रामा चलने वाला नहीं है।
निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर उनसे भिड़ने वाले युवक को लेकर प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि उसके खिलाफ करीब तीन महीने पहले एमसीडी के एक संविदा कर्मचारी से मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी के एक संविदा कर्मचारी की गर्दन तोड़ दी गई थी और इस एफआईआर में जरनैल सिंह के भतीजे का नाम भी शामिल था। वर्मा के मुताबिक, दोनों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में उस संविदा कर्मचारी के घर और दुकान को गिराने की कोशिश भी की गई।
प्रवेश वर्मा ने चेतावनी दी कि दिल्ली सरकार के काम में किसी तरह की बाधा या सरकारी अधिकारियों और ठेकेदारों को परेशान किए जाने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आज वहां जाना है तो जाइए। अपने सभी गुंडों को साथ ले जाइए। जितना ड्रामा करना है कीजिए, लेकिन मेरे सामने आपकी गुंडागर्दी बिल्कुल नहीं चलेगी।