राष्ट्रीय

‘डिजाइन इन इंडिया एंड इटली’, जानिए क्यों भारत में पैर पसार रहीं इटली की 800 से ज्यादा कंपनियां

Modi Meloni Talks: रोम में PM Modi और Giorgia Meloni ने वैश्विक बाजार के लिए 5 साल का महाप्लान बनाया है। 'डिजाइन इन इंडिया-इटली' के मंत्र के साथ द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो पहुंचाने का लक्ष्य है।

2 min read
May 20, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएम जॉर्जिया मेलोनी (Photo Source PM Modi X)

Prime Minister NarendraMeetModi Meloni: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव पर रोम में इटली (Italy) की पीएम जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों देशों ने चीन को टक्कर देने और वैश्विक बाजार पर पकड़ मजबूत करने के लिए 5 साल का 'ज्वाइंट स्ट्रैटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029' तैयार किया है। पीएम मोदी (PM Modi) ने 'डिजाइन एंड डेवलप इन इंडिया एंड इटली, डिलीवर फॉर द वर्ल्ड' का नया नारा देते हुए द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। पीएम मोदी ने भारत में सक्रिय इटली कंपनियों की तारीफ की और भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के लिए मेलोनी का विशेष आभार जताया।

जानिए रोम में क्या बोले मोदी-मेलोनी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के बीच बढ़ रहे व्यापारिक रिश्तों को लेकर बेहद मजबूत आंकड़े सामने रखे। उन्होंने बताया कि भारत और इटली का व्यापार अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने वाला है। पीएम मोदी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा 'आज की बैठक में, हमने विस्तार से चर्चा की कि हम अपनी भविष्य की साझेदारी को और अधिक मजबूत कैसे बना सकते हैं। भारत-इटली संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025 से 2029 हमारी साझेदारी के लिए एक व्यावहारिक और भविष्योन्मुखी ढांचा प्रदान करती है।'

भारत में व्यापार कर रही विदेशी कंपनियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने साफ किया कि भारत की विकास यात्रा में इटली बहुत बड़ी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आगे कहा 'भारत में मौजूद 800 से अधिक कंपनियां भारत की विकास गाथा में सक्रिय भागीदार बन रही हैं। आज आयोजित हो रहे 'बिजनेस फोरम' से यह स्पष्ट है कि दोनों देशों के कारोबारी नेताओं के बीच एक नया उत्साह, नया आत्मविश्वास और नई महत्वाकांक्षा देखने को मिल रही है।

क्या है मोदी-मेलोनी का ग्लोबल मंत्र

इस पूरी बैठक में पीएम मोदी ने दोनों देशों की ताकत को मिलाकर एक नया ग्लोबल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि इटली दुनिया भर में अपनी बेहतरीन डिजाइन के लिए जाना जाता है, जबकि भारत के पास टैलेंट, स्केल और किफायती इनोवेशन की अपार शक्ति है। पीएम मोदी ने एलान किया इसलिए, हम 'भारत और इटली में डिजाइन और विकसित करें, और दुनिया के लिए उपलब्ध कराएं' के सिद्धांत पर आगे बढ़ेंगे। अब दोनों देश मिलकर फैशन, फिनटेक, लेदर, लॉजिस्टिक्स, मोबिलिटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे बड़े सेक्टरों में एक साथ काम करेंगे। इसका सीधा असर वैश्विक बाजार पर पड़ेगा और चीन के दबदबे को सीधी चुनौती मिलेगी।

मोदी-मेलोनी डील से बदलेगा व्यापार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ (India-EU) के बीच होने वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का विशेष आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा फैशन से लेकर फिनटेक तक, चमड़े से लेकर लॉजिस्टिक्स तक, मोबिलिटी से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक हर क्षेत्र में, हम अपनी ताकतों को एकजुट करेंगे और पूरी मानवता के कल्याण के लिए काम करेंगे।

भारत-EU FTA को अंतिम रूप देने में इटली से मिले सहयोग के लिए मैं प्रधानमंत्री मेलोनी का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हम मिलकर इसके जल्द से जल्द कार्यान्वयन के लिए काम करेंगे, ताकि कारोबारी समुदाय इसका पूरा लाभ उठा सकें। इससे पहले बुधवार को रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेहद भव्य स्वागत किया गया और उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। गौरतलब है कि पीएम मोदी इस पांच देशों के दौरे में नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और यूएई की यात्रा पूरी करने के बाद इटली पहुंचे हैं।

ये भी पढ़ें

अफगानिस्तान में मुश्किल हुए हालात, ज़िंदा रहने के लिए बच्चों को बेचने की आई नौबत
Also Read
View All