राष्ट्रीय

PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान, रक्षा, व्यापार और टेक्नोलॉजी में होंगे कई बड़े समझौते

Bintang Adipurna Award: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला है। दोनों देशों के बीच रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही रक्षा, व्यापार और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कई बड़े समझोते हो सकते हैं।
2 min read
Jul 07, 2026
Indonesia Highest Civilian Honour
भारत और इंडोनेशिया के बीच हो सकते हैं कई बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर (Photo-IANS)

Indonesia Highest Civilian Honour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया दौरे के दौरान वहां का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया दिया गया। इस सम्मान का ऐलान मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने किया। पीएम मोदी का यह सम्मान दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का बड़ा संकेत माना जा रहा है। अब रक्षा, व्यापार, समुद्री सुरक्षा, टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे कई जरूरी मुद्दों पर भी बड़े फैसले होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इंडोनेशिया से की तीन देशों के दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे की शुरुआत करते हुए सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचे। यहां से वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी जाएंगे। जकार्ता पहुंचने से पहले इंडोनेशियाई वायुसेना के एफ-16 और एसयू-30 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो खुद चार मंत्रियों के साथ पीएम मोदी के स्वागत के लिए मौजूद रहे। इस खास स्वागत को दोनों देशों के मजबूत रिश्तों और बढ़ती दोस्ती की बड़ी मिसाल माना जा रहा है।

सबांग पोर्ट को लेकर हो सकता है फैसला

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा में इंडोनेशिया के सबांग पोर्ट को मिलकर विकसित करने पर बड़ा फैसला हो सकता है। यह बंदरगाह मलक्का जलडमरूमध्य के पास है, जहां से दुनिया का बड़ा समुद्री व्यापार गुजरता है। इसकी खास बात यह है कि यह भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और बनने वाले ग्रेट निकोबार पोर्ट के भी काफी पास है। अगर यह परियोजना आगे बढ़ती है तो समुद्री सुरक्षा मजबूत होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच सामान की आवाजाही आसान होगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्थिति भी पहले से ज्यादा मजबूत होगी।

ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल पर होगी डील

भारत और इंडोनेशिया रक्षा क्षेत्र में भी अपने रिश्तों को और मजबूत करने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इंडोनेशिया भारत से ब्रह्मोस मिसाइल की एक और बैटरी खरीद सकता है और आगे चलकर इसकी संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा, भारत की स्वदेशी अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने पर भी बातचीत हो सकती है। बता दें, 100 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक मार करने वाली इस मिसाइल को इंडोनेशिया के एसयू-30 लड़ाकू विमानों में आसानी से लगाया जा सकता है।

मिनरल्स और टेक्नोलॉजी में भी साथ आएंगे दोनों देश

इस दौरे में भारत और इंडोनेशिया टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में भी साथ मिलकर काम करने की तैयारी में हैं। भारत इंडोनेशिया में स्टील, निकेल और रेयर अर्थ जैसे जरूरी खनिजों से जुड़े कारखानों में निवेश कर सकता है। इससे इलेक्ट्रिक गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक्स, साफ ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र के लिए जरूरी सामान आसानी से मिल सकेगा। इसके अलावा, भारत इंडोनेशिया को उसकी जरूरत के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) बनाने में भी मदद करेगा।

Updated on:
07 Jul 2026 12:08 pm
Published on:
07 Jul 2026 12:08 pm