राष्ट्रीय

कांग्रेस सरकार में हुए एक के बाद एक घोटाले, NDA सरकार के आने के बाद बदला देश का भाग्य – पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है।

3 min read
Jun 10, 2026
PM Narendra Modi Live
PM Narendra Modi Live (Photo Source: ANI)

PM Narendra Modi Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बड़ी बैठक आयोजित की गई है। बैठक में बीजेपी और सहयोगी दलों के शीर्ष नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब पीएम मोदी ने लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ दिया है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि NDA के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह है कि देश कांग्रेस के 'कुचक्र' से मुक्त हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना की ओर धकेल दिया था तथा लोगों को यह विश्वास दिलाया गया कि भारत में तेज विकास संभव नहीं है।

हिंदू ग्रोथ रेट नहीं, कांग्रेस ग्रोथ रेट था

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान धीमी विकास दर को 'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम दिया गया, जबकि इसकी जिम्मेदारी उस समय की सरकारों की नीतियों और कार्यशैली की थी। उन्होंने कहा कि विकास में सुस्ती के लिए देश और समाज को दोषी ठहराया गया, जबकि वास्तविक समस्या शासन व्यवस्था में थी।

पीएम मोदी ने कहा, "इस कुसंस्कृति का नाम हिंदू ग्रोथ रेट नहीं, बल्कि कांग्रेस ग्रोथ रेट होना चाहिए था। उस दौर में न सुशासन था, न स्पष्ट नीति, न सही नीयत और न ही निर्णायक नेतृत्व।"

2004 के बाद घोटालों में फंसा देश: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में NDA सरकार ने देश को तेज विकास की दिशा दिखाई थी, लेकिन 2004 में कांग्रेस के सत्ता में लौटने के बाद देश फिर अस्थिरता और घोटालों के दौर में चला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान हजारों करोड़ रुपये के घोटाले सामने आए और विकास की गति प्रभावित हुई।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में NDA सरकार बनने के बाद देश का भाग्य बदला। उन्होंने कहा कि जब नीति, नीयत और निर्णय एक साथ काम करते हैं, तब विकास की रफ्तार भी बदल जाती है और देश नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।

देश ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद NDA पर भरोसा किया

प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के चुनावी जनादेश का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश के लोगों ने कांग्रेस से निराश होकर NDA पर भरोसा जताया था। उन्होंने कहा, "देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा था। मुझे संतोष है कि NDA परिवार ने उस विश्वास को और मजबूत करने का काम किया है।"

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गठबंधन सरकार ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया है और देश को स्थिर नेतृत्व दिया है।

जनता को दिया श्रेय

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश की जनता का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कई दशक राजनीतिक अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे रहे, जिसका नुकसान देश को उठाना पड़ा। लेकिन अब जनता एक स्थिर और निर्णायक सरकार का काम देख रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं देश की महान जनता को नमन करता हूं। जनता-जनार्दन के आशीर्वाद और विश्वास के कारण ही आज भारत नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।"

आकांक्षी भारत ही विकसित भारत की नींव: पीएम मोदी

NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का आकांक्षी भारत ही कल के विकसित भारत की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों के सपने और आकांक्षाएं पहले से कहीं अधिक बड़ी हो चुकी हैं, इसलिए सरकार भी उसी गति से काम कर रही है। पीएम मोदी ने मध्यम वर्ग को देश की आकांक्षाओं का सबसे बड़ा वाहक बताते हुए कहा कि सरकार उसकी जरूरतों और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले मध्यम वर्ग जटिल टैक्स व्यवस्था और कानूनी प्रक्रियाओं से परेशान रहता था, लेकिन अब 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया गया है और फेसलेस टैक्स सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं ने लोगों का जीवन आसान बनाया है।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में भारत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश लगातार मजबूत विकास दर दर्ज कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है, जबकि 31 मार्च को समाप्त तिमाही में यह आंकड़ा 7.8 प्रतिशत रहा। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई बड़े देशों की अर्थव्यवस्थाएं कठिन दौर से गुजर रही हैं, लेकिन भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।

उनके अनुसार, यह उपलब्धि सरकार की नीतियों, सुधारों और देशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसके कारण भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

Updated on:
10 Jun 2026 08:35 pm
Published on:
10 Jun 2026 08:10 pm