
हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर शव जंगल में दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश मंगलवार को तेज कर दी। मुख्य संदिग्ध मुख्य पुजारी समेत तीन साधु-वेशधारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और विशेष ऑपरेशन समूहएसओजी की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हरिद्वार पुलिस का दावा है कि जांच में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस के अनुसार सोमवार को मंदिर से लापता हुए साधु सेवा गिरि और उत्तम गिरि के शव बरामद होने के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया गया है। शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी और हाल ही में मंदिर में ठहरे तीन साधु-वेशधारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। घटना के बाद से सभी संदिग्ध फरार हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं।
पुलिस उनकी लोकेशन और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। जांच में सामने आया है कि वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के शुरुआती संकेतों के अनुसार एक साधु की गला घोंटकर हत्या की गई, जबकि दूसरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से दोनों शवों को मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
कल घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के एक सेवादार ने दोनों साधुओं के अचानक गायब होने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और स्वान दस्ते ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान जंगल से दोनों शव बरामद हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर का कहना है कि मंदिर में पूजा करने आने वाले एक लड़के ने पुलिस स्टेशन को बताया कि रात में झगड़ा हुआ था और साधु गायब हैं। उसने यह भी कहा कि उसने सुबह उन्हें गड्ढा खोदते हुए देखा था। जब पुलिस फोर्स जांच के लिए मौके पर पहुंची, तो उन्हें दो नए खोदे हुए गड्ढे मिले। गड्ढों से मिट्टी हटाने के बाद दो लाशें बरामद हुईं।
नवनीत सिंह पूरे मामले की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात शेखर सुयाल के नेतृत्व में पुलिस की टीमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही हैं। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद या अन्य किसी संभावित कारण की भी जांच कर रही है। एसपी देहात ने बताया कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।