Pinarayi Vijayan ED raid: पिनरई विजयन के घर छापामारी के बाद केरल की सियासत तेज हो गई है। पूर्व CM ने भाजपा पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।
केरल के विधानसभा चुनाव में करारी हार झेल चुकी सीपीएम फिलहाल अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से जुड़े ठिकानों पर ईडी की छापेमारी ने सियासी गलियारों में तूफान खड़ा कर दिया है।
इस कार्रवाई के बाद विजयन और टूट गए हैं। उन्होंने खुलकर कहा है कि उनसे बदला लिया जा रहा है। विजयन ने यह भी कहा है कि यह केंद्र सरकार की साजिश है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
विजयन ने कहा- यह राजनीतिक बदला है। ईडी के अधिकारी ऊपर से मिले निर्देशों पर काम कर रहे हैं। देश में अब यही चल रहा है। उन्होंने कहा कि इतने घंटे उनके घर पर रहकर ईडी टीम ने अनजाने में कई बातें साफ कर दी हैं।
वहीं, विजयन ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने कहा था - पिनरई के घर पर क्यों नहीं छापा मारा जा रहा? पिनरई को क्यों नहीं गिरफ्तार किया जा रहा?
उन्होंने कहा- भाजपा अब पूरे देश में विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्लान के तहत कार्रवाई कर रही है। लेकिन हमें कोई कमजोर नहीं कर सकता। हम तैयार हैं।
छापेमारी के दौरान सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। विजयन के घर के बाहर प्रदर्शनकारियों ने ईडी अधिकारियों के वाहनों को नुकसान पहुंचाया।
इस बीच, केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने साफ कहा कि यूडीएफ सरकार और राज्य गृह मंत्रालय को ईडी छापे की कोई पहले से जानकारी नहीं थी। उधर, विजयन ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को कुचलने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
पूर्व सीएम ने आगे कहा- यह शुरुआत है। हम पहले भी ऐसे 'ग्रैंड डिजाइन' देख चुके हैं। बता दें कि ईडी ने CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केरल के 10 जगहों पर छापे मारे। इनमें विजयन का घर भी शामिल था। कल शाम 7 बजे से छापेमारी शुरू हुई और देर रात तक चली।
इस मामले में विजयन की बेटी वीणा को कथित तौर पर फर्जी पेमेंट दिए जाने की जांच हो रही है। कुल 182 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग घोटाले की यह जांच है।