
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान पर सियासत तेज हो गई है। उन्होंने देश में 'हिंदू-मुस्लिम विवाद' के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने करारा जवाब दिया है।
इमरान मसूद ने कहा कि दो राष्ट्र की थ्योरी सावरकर ने दी थी और मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार चलाई गई थी, लेकिन आज ये लोग देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की बात करते हैं।
कांग्रेस सांसद ने गडकरी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार आप चला रहे थे और जिम्मेदार कांग्रेस को ठहरा रहे हैं। अगर हिंदुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा ही नहीं हुआ होता तो यह विचारधारा ही नहीं पनपती।
इमरान मसूद ने कहा कि 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बना। 1947 तक 'वंदे मातरम' को लेकर लाठी पड़ती थी। तब 'वंदे मातरम' की याद नहीं आई? उस समय तिरंगा भी नहीं फहराया। आज देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की बात करते हैं।
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस के लोग शहादत झेलने वाले लोग हैं। सत्तापक्ष में से किसी ने एक देश के लिए उंगली कटाई हो तो नाम बताएं।
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि अगर सरकार पटेल की जिंदगी ने उनका साथ दिया होता तो वह इस विचारधारा को खत्म करके जाते।
इसके अलावा, कांग्रेस सांसद ने बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को बांग्लादेश के मामले को लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम हर जगह होने वाली नफरत के खिलाफ बोलते हैं। आज बांग्लादेश में हिंदुओं के ऊपर जुल्म हो रहा है। सबसे ज्यादा हम आवाज उठा रहे हैं। भाजपा नेताओं के मुंह में दही जमी हुई है।
इस दौरान, इमरान मसूद ने बंगाल में 'बाबरी मस्जिद' मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर पलटवार किया।
उन्होंने आरोप लगाए कि मस्जिद बनवाने वाला भाजपा का ही नेता रहा है। ये उससे मस्जिद बनवा रहे हैं और फिर उसे तुड़वाकर नफरत फैलाएंगे।
उधर, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और इमरान मसूद को घेरा है। उन्होंने कहा कि राहुल और इमरान जैसे नेताओं का निश्चित रूप से कांग्रेस को बर्बाद करने में हाथ है।
बीएल वर्मा ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे पर निशाना साधते हुए कहा- जब भी वे विदेश की धरती पर जाते हैं, तो देश और देश के नागरिकों का अपमान करते हैं।
उन्होंने कहा कि विदेश जाकर राहुल हमारी एजेंसियों पर सवाल उठाते हैं। आज के समय में पीएम मोदी पर लगातार देश की जनता का विश्वास बढ़ रहा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, उसे आप पचा नहीं पा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि मुझे लगता है कि जब कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार्य करती रहेगी, तब तक पार्टी हाशिए पर रहेगी। राहुल गांधी अपने बयान से सिर्फ देश की जनता ही नहीं, बल्कि वो कांग्रेस को भी कहीं न कहीं कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।