राष्ट्रीय

विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले सट्टा बाजार में हलचल, जानें बंगाल में किस पार्टी को मिल रहा भाव

Assembly Election Prediction Market: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले सट्टा बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है।

2 min read
May 03, 2026
Feature image
विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर सट्टा बाजार में हलचल (Photo-AI)

Assembly Election result Satta Bazar: पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों का परिणाम सोमवार को घोषित होगा। इससे पहले सट्टा बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। जब विधानसभा चुनावों का परिणाम घोषित होगा, तो करीब 247 करोड़ रुपये उन लोगों को दिए जाएंगे, जिन्होंने नतीजों का सही अनुमान लगाया होगा। दरअसल, यह पैसा अमेरिकी प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफॉर्म पॉलीमार्केट (Polymarket) पर लगाए गए दांव से जुड़ा है।

तमिलनाडु पर लगा सबसे ज्यादा दांव

दिसंबर में शुरू हुई यह सट्टेबाजी अब नतीजों के करीब आते-आते तेज हो गई है। शनिवार तक के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा दांव तमिलनाडु के नतीजों पर लगा है, जहां 20 मिलियन डॉलर से ज्यादा की राशि दांव पर है। वहीं पश्चिम बंगाल में 5 मिलियन डॉलर, केरल में लगभग 4 लाख डॉलर और असम में 1.8 लाख डॉलर दांव पर लगे हैं।

किसकी बना रहे सरकार

सट्टा बाजार में तमिलनाडु में डीएमके की सरकार बनने की संभवना जताई जा रही है। वहीं पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। हालिया ट्रेंड्स में टीएमसी को लगभग 52.7% और बीजेपी को 48.1% का समर्थन दिख रहा है, जबकि सीपीएम काफी पीछे है।

इसके अलावा, लोग केरल में कांग्रेस, असम में बीजेपी और पुडुचेरी में AINRC के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन पर दांव लगा रहे हैं। 

भारत में बैन फिर भी लगा रहे दांव

बता दें कि भारत में कानूनन प्रेडिक्शन मार्केट की अनुमति नहीं है, लेकिन Polymarket के विकेंद्रीकृत और क्रिप्टो आधारित प्लेटफॉर्म होने के कारण भारतीय यूजर्स VPN और क्रिप्टो का इस्तेमाल कर इसमें भाग ले रहे हैं। भारत दुनिया में क्रिप्टोकरेंसी का सबसे बड़ा उपयोगकर्ता है। 

कैसे काम करता है ये प्रेडिक्शन मार्केट?

Polymarket शेयर बाजार की तरह काम करता है, जहां लोग हां (yes) या ना (no) के रूप में दांव लगाते हैं। हर शेयर की कीमत 0 से 1 डॉलर के बीच होती है, जो उस घटना की संभावना को दर्शाती है। उदाहरण के लिए, अगर किसी शर्त पर हां करने वाले शेयर की कीमत 75 सेंट है, तो इसका मतलब है कि बाजार उसे 75% संभावित मान रहा है।

नतीजे घोषित होने के बाद सही भविष्यवाणी करने वालों को प्रति शेयर 1 डॉलर मिलता है, जबकि गलत दांव लगाने वालों की राशि डूब जाती है।

Published on:
03 May 2026 11:31 am