Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। एमके स्टालिन सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए यादव परिवार के प्रति संवेदना जताई।
Prateek yadav Death: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के सौतेले भाई प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन से पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 38 साल के प्रतीक यादव के निधन की खबर ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि समर्थकों और राजनीतिक हलकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें बचा पाने में असमर्थता जताई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्हें इमरजेंसी में लाए जाने के समय ही हालत गंभीर थी। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलने की संभावना है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने प्रतीक से लगभग दो महीने पहले मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि प्रतीक एक जुझारू और मेहनती व्यक्ति थे, जो अपने स्वास्थ्य को लेकर भी काफी सजग रहते थे। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि प्रतीक जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे और अपने प्रयासों से कुछ हासिल करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह अचानक उनका जाना बेहद दुखद है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परिवार जो भी निर्णय लेगा, उसका सम्मान किया जाएगा।
प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे और उनकी पत्नी अपर्णा यादव हैं। वे अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय अपर्णा यादव लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। जैसे ही निधन की खबर सामने आई, परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल पहुंचने लगे।
एमके स्टालिन (M K Stalin) ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अखिलेश यादव को “प्रिय भाई” बताते हुए इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही। स्टालिन ने कहा कि यह खबर अत्यंत दुखद है और वह इस दुख की घड़ी में यादव परिवार के साथ हैं।
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई नेता लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे। पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।