
Charanjit Singh Channi: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में 'सब ठीक है' और पंजाब कांग्रेस से जुड़े किसी भी मुद्दे पर हाईकमान जो फैसला करेगा, वह सभी नेताओं को स्वीकार होगा। दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पंजाब कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पार्टी के कई नेताओं ने अपनी-अपनी राय हाईकमान के सामने रखी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेतृत्व के प्रति उनकी पूरी निष्ठा है। राहुल गांधी उनके नेता हैं और पार्टी के सभी कार्यकर्ता तथा नेता संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं। चन्नी ने कहा कि अंतिम फैसला हमेशा कांग्रेस हाईकमान का होता है और जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे सभी स्वीकार करेंगे।
चन्नी ने कहा कि उनका या किसी अन्य नेता का उद्देश्य पार्टी को असहज स्थिति में डालना या किसी का कद कम करना नहीं है। उनका मकसद केवल पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नेताओं ने अपनी बात नेतृत्व के सामने रख दी है और अब आगे का फैसला हाईकमान करेगा।
इससे पहले बुधवार को चरणजीत सिंह चन्नी ने चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा से भी मुलाकात की थी। कांग्रेस नेतृत्व ने 1 जुलाई को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि चन्नी इस फैसले से सहमत नहीं हैं और प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
इस बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल को सौंप दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिपोर्ट में राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पंजाब कांग्रेस के 29 में से 25 जिला अध्यक्ष और राज्य के सात सांसदों में से चार सांसद राजा वड़िंग के समर्थन में हैं।