Raghav Chadha Instagram Post: AAP सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- किसी ने इस हफ्ते मुझे एक किताब गिफ्ट की। समय कितना दिलचस्प होता है।
Raghav Chadha News: राज्य सभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटाने के बाद AAP सांसद राघव चड्ढा ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सांसद चड्ढा लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट पर पार्टी नेताओं पर निशाना साध रहे हैं। इसी बीच राघव चड्ढा की एक और पोस्ट सामने आई है, जिसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। चड्ढा ने यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने अपनी पोस्ट में अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की चर्चित किताब The 48 Laws of Power पढ़ते हुए तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने किताब के कवर और पहले अध्याय की भी पोस्ट शेयर की।
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि किसी ने इस हफ्ते मुझे एक किताब गिफ्ट की। समय कितना दिलचस्प होता है। मैंने पहला अध्याय पढ़ा- ‘Never outshine the master’। कुछ किताबें सही समय पर ही आती हैं।
बता दें कि पिछले हफ्ते राज्य सभा के डिप्टी लीडर पद से हटाने के बाद आप ने राज्य सभा सचिवालय को एक लैटर लिखा, जिसमें चड्ढा को सदन में बोलने की अनुमति नहीं देने की अपील की। वहीं पार्टी ने अशोक कुमार मित्तल को राघव चड्ढा की जगह डिप्टी लीडर बनाया है।
दरअसल, पद से हटाए जाने के बाद से आम आदमी पार्टी के सांसद चड्ढा सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो साझा कर रहे हैं, जिसमें वे पार्टी और नेताओं पर लगातार निशाना साध रहे हैं। वहीं, पार्टी के कई नेताओं ने उन पर सॉफ्ट पीआर करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ खुलकर न बोलने का आरोप लगाया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्य सभा नेता संजय सिंह, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और दिल्ली इकाई प्रमुख सौरभ भारद्वाज समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने राघव चड्ढा पर पार्टी लाइन से भटकने के आरोप लगाए हैं।
नेताओं का कहना है कि चड्ढा ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी के रुख का समर्थन नहीं किया। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के नोटिस पर हस्ताक्षर न करना और संसद में विपक्ष के वॉकआउट में शामिल न होना शामिल है।
दिल्ली शराब घोटाला मामले में AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के दौरान राघव चड्ढा की चुप्पी पर भी सवाल उठे थे, हालांकि उन्होंने बार-बार किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में चड्ढा दूसरे ऐसे AAP सांसद हैं जिनका पार्टी नेतृत्व से टकराव सामने आया है। इससे पहले राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी विवादों में रही थीं। मई 2024 में मालीवाल के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था, जिसमें केजरीवाल के करीबी सहयोगी बिभव कुमार पर आरोप लगे थे।