राष्ट्रीय

‘मेरे पास 3 ऑप्शन थे,’ राघव चड्ढा ने क्यों दिया AAP से इस्तीफा, Video शेयर कर खुद बताई वजह

राघव चड्ढा ने अपने इस्तीफे को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने वीडियो शेयर कर अपने फैसले के पीछे की वजह बताई। देखें वीडियो।

2 min read
Apr 27, 2026
Raghav Chadha New Responsibility
राघव चड्ढा(फोटो-ANI)

Raghav Chadha Controversy: आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलचल के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने अपने फैसले का बचाव करते हुए पार्टी की मौजूदा स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। राघव चड्ढा ने खुद को गलत पार्टी में सही व्यक्ति बताया और आरोप लगाया कि जिस संगठन को उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण साल दिए, वह अब पहले जैसा नहीं रहा।

15 साल दिए, लेकिन अब पार्टी बदल चुकी है

राघव चड्ढा ने अपने संदेश में भावुक होकर अपनी राजनीतिक यात्रा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट का स्थिर करियर छोड़कर अपने युवावस्था के लगभग 15 साल आम आदमी पार्टी (AAP) को दिए और उनका राजनीति में कदम किसी महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक उद्देश्य के साथ था, लेकिन उन्होंने यह भी दावा किया कि अब पार्टी पहले जैसी नहीं रही और बदल चुकी है, उनके अनुसार यह अब जहरीली (Toxic) हो गई है, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर काम करने और अपनी बात रखने की आजादी सीमित हो गई है, यहां तक कि उन्हें काम करने, बोलने और संसद में अपनी आवाज उठाने से भी रोका जाता है।

AAP अब गलत हाथों में चली गई है

अपने पूर्व साथियों पर सीधा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का नेतृत्व अब राष्ट्रीय हित के बजाय निजी लाभ को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक पार्टी कुछ भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंस गई है। हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से इन आरोपों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

AAP छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल होने का बचाव

राघव चड्ढा ने अपने फैसले को मजबूरी बताते हुए कहा कि उनके पास तीन विकल्प थे राजनीति छोड़ना, पार्टी के भीतर रहकर बदलाव की कोशिश करना या किसी नए मंच से आगे बढ़ना। उन्होंने कहा कि उन्होंने तीसरा विकल्प चुना। मैंने कोशिश की, लेकिन बदलाव नहीं आया, इसलिए आगे बढ़ने का फैसला लिया।

Updated on:
27 Apr 2026 11:48 am
Published on:
27 Apr 2026 09:58 am