राष्ट्रीय

CJP Protest: ‘अपराधी हैं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान’, पैलेट गन से घायल युवक पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा

CJP प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला। घायल छात्र की तस्वीर दिखाते हुए पैलेट गन और लाठीचार्ज के आरोप लगाए तथा सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं।
2 min read
Jul 24, 2026
CJP protest
राहुल गांधी ने सरकार को घेरा(फोटो-IANS)

Rahul Gandhi: CJP के 'चलो संसद' प्रदर्शन के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने घायल छात्रों की तस्वीरें दिखाते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पैलेट गन और लाठीचार्ज किया गया। साथ ही सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह 'अपराधी शिक्षा मंत्री' हैं और उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र प्रधान देश की शिक्षा व्यवस्था के बिगड़ते हालात का प्रतीक बन चुके हैं और पेपर लीक जैसी घटनाओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया था, लेकिन उनके साथ बल प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार कर रही है, लेकिन घायल छात्रों की हालत अलग कहानी बयां करती है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ की आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है।

घायल छात्र की तस्वीर दिखाकर लगाए आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने एक घायल छात्र को दिखाते हुए कहा कि वह तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था, तभी उसे पैलेट गन लगी। उन्होंने दावा किया कि छात्र की एक आंख नहीं खुल रही है और उसे उस आंख से दिखाई भी नहीं दे रहा। राहुल गांधी ने कहा कि इन छात्रों की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया। उनके मुताबिक, ये सभी युवा केवल पेपर लीक के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे थे।

सरकार के सामने रखीं तीन प्रमुख मांगें

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से सरकार के सामने तीन मांगें रखी गई हैं। पहली, पेपर लीक के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर उसे पद से हटाया जाए। दूसरी, छात्रों पर गोली चलाने और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हजारों छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि छात्रों को डराना-धमकाना और उन पर बल प्रयोग करना बंद होना चाहिए तथा उनकी जायज मांगों को स्वीकार किया जाना चाहिए।

Updated on:
24 Jul 2026 04:17 pm
Published on:
24 Jul 2026 03:58 pm