राष्ट्रीय

Rajya Sabha Election: मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर एच.डी. देवगौड़ा तक इन दिग्गजों का कार्यकाल हो रहा खत्म, जानें किन नेताओं की वापसी तय

Rajya Sabha Poll Schedule: चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव कराने का ऐलान किया है। मल्लिकार्जुन खरगे, एचडी देवगौड़ा और दिग्विजय सिंह समेत कई बड़े नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, जिससे सियासी समीकरण तेज हो गए हैं।

3 min read
May 22, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की राज्य सभा में वापसी तय माना जा रहा है (Photo-IANS)

Rajya Sabha Election: चुनाव आयोग ने शुक्रवार को 10 राज्यों की खाली होने वाली 24 सीटों के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून को है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। इन सीटों से मौजूदा सदस्य का 21 जून से 19 जुलाई के बीच कार्यकाल खत्म हो रहा है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लेकर पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा शामिल है।

ये भी पढ़ें

Punjab BJP President: 2027 चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव, पंजाब में सिख अध्यक्ष बनाने की तैयारी

किस-किस नेता का कार्यकाल हो रहा समाप्त

आंध्र प्रदेश की चार राज्य सभा सीटों पर जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें अयोध्या रामी रेड्डी अल्ला, परिमल नथवानी, पिल्ली सुभाषचंद्र बोस और साना सतीश बाबू शामिल हैं। गुजरात की चार सीटों पर रामभाई हरजीभाई मोकारिया, अमीन नरहरी हीराभाई, गोहिल शक्तिसिंहजी हरिचंद्रसिंहजी और रमिला बेचरभाई बारा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कर्नाटक की चार सीटों पर नारायणा कोरगप्पा, इरन्ना कडाडी, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

वहीं मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर जॉर्ज कुरियन, दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल पूरा होगा। राजस्थान की तीन सीटों पर नीरज डांगी, राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। झारखंड की दो सीटों में दीपक प्रकाश की सीट और शिबू सोरेन की रिक्त सीट शामिल है।

इसके अलावा मणिपुर की एक सीट पर महाराजा सनाजाओबा लीशेम्बा, मेघालय की एक सीट पर वानवेइरॉय खारलुखी, अरुणाचल प्रदेश की एक सीट पर नाबाम रेबिया और मिजोरम की एक सीट पर के. वनलालवेना का कार्यकाल पूरा हो रहा है।

किस राज्य की कितनी सीटें खाली

राज्य सभा की जिन 24 सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें सबसे ज्यादा 4-4 सीटें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से हैं। मध्य प्रदेश और राजस्थान से 3-3 सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। झारखंड से 2 सीटें चुनाव के दायरे में हैं। वहीं मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम से 1-1 सीट पर चुनाव होगा।

किन नेताओं की हो सकती है वापसी

जिन नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की वापसी तय मानी जा रही है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की वापसी बीजेपी पर निर्भर करेगी। वहीं एमपी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। दिग्विजय सिंह पहले ही फिर से राज्य सभा जाने से इनकार कर चुके हैं। वहीं राजस्थान से बीजेपी की तरफ से एक बार फिर रवनीत सिंह बिट्टू का नाम आगे चल रहा है। 

किस राज्य में कौनसी पार्टी जीत सकती है

कर्नाटक

कर्नाटक की 4 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 45 वोट चाहिए। माना जा रहा है कि कांग्रेस 2 सीटें और बीजेपी 1 सीट आसानी से जीत लेगी। चौथी सीट, जो पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा से जुड़ी है, उस पर मुकाबला देखने को मिल सकता है।

राजस्थान

राजस्थान की 3 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 51 वोट जरूरी हैं। मौजूदा स्थिति के हिसाब से बीजेपी को 2 और कांग्रेस को 1 सीट मिलना तय माना जा रहा है। बीजेपी के रवनीत बिट्टू और राजेंद्र गहलोत, जबकि कांग्रेस के नीरज डांगी का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश की 2 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 58 वोट चाहिए। बीजेपी और कांग्रेस के एक-एक सीट जीतने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। 

गुजरात

गुजरात की 4 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 37 वोट जरूरी हैं। राज्य में बीजेपी का संख्या बल मजबूत होने के कारण सभी 4 सीटों पर उसकी जीत तय मानी जा रही है। कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक नहीं होने से प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल की वापसी मुश्किल मानी जा रही है।

आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश की 4 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 36 वोट चाहिए। विधानसभा में एनडीए के पास 175 में से 164 विधायक हैं, इसलिए सभी सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

पूर्वोत्तर राज्य

अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मिजोरम की 1-1 राज्यसभा सीट पर चुनाव होंगे। इन तीनों सीटों पर एनडीए की जीत आसान मानी जा रही है।

झारखंड

झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होंगे। जीत के लिए 28 वोट जरूरी हैं। झामुमो के नेतृत्व वाले महागठबंधन के पास 56 विधायक हैं। ऐसे में एक सीट पर उसकी जीत तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर मुकाबला हो सकता है। चुनाव में महागठबंधन की एकजुटता पर सबकी नजर रहेगी।

ये भी पढ़ें

Patrika Explainer: लोकसभा चुनाव 2029 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, राहुल गांधी के सपा प्रेम के बीच मायावती को साधने की कोशिश
Published on:
22 May 2026 12:13 pm
Also Read
View All