
राज्य सभा की 24 सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान (Photo-IANS)
Rajya Sabha Seats Election 2026: चुनाव आयोग ने राज्य सभा की 24 खाली हो रही सीटों के लिए मतदान की तारीख का ऐलान कर दिया है। राजस्थान-मध्य प्रदेश, गुजरात समेत 10 राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। इसको लेकर EC ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन राज्य सभा से रिटायर हो रहे हैं।
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव आयोग ने कहा कि मतपत्र पर प्राथमिकता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए तय मानक वाले बैंगनी (वायलेट) रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
ECI ने यह भी बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की तैनाती की जाएगी।
आंध्र प्रदेश और गुजरात से चार-चार सदस्य रिटायर हो रहे हैं, जबकि कर्नाटक में भी चार सीटों पर चुनाव होंगे। मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटें खाली हो रही हैं। झारखंड में दो सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें एक सीट Shibu Soren के 4 अगस्त 2025 को निधन के बाद से खाली है। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर भी चुनाव कराया जाएगा।
बता दें कि इन चुनावों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का कर्नाटक से जीत कर आना तय है वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की वापसी बीजेपी पर निर्भर करेगी। इसके अलावा बीजेपी की तरफ से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर नजर रहेगी। बिट्टू राजस्थान से राज्य सभा सांसद है। अब देखना होगा कि बिट्टू को बीजेपी पंजाब विधानसभा चुनाव में सक्रिय करेगी या पुन: राज्य सभा भेजेगी।
Updated on:
22 May 2026 10:55 am
Published on:
22 May 2026 10:09 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
