
Ayodhya Ram Temple Donation Theft: अयोध्या राम मंदिर में चंदा विवाद मामले में पुलिस ने टिन्नू यादव समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर एसआईटी के रिपोर्ट सौंपने के दो दिन बाद राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कराई है। आरोपियों में छह कैशियर शामिल हैं। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद ने भी ट्रस्ट को भंग कर नई व्यवस्था बनाने और इसके पुनर्गठन की मांग उठा दी।
न्यूज 24 के एक कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने राम मंदिर के चंदा चोरी मामले में एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जांच जितनी जल्दी हो और कार्रवाई भी जल्दी हो तो बेहतर रहेगा। पूर्व डीजीपी ने कहा कि SIT के वश में जांच नहीं है। इसमें सीबीआई और जांच एजेंसियों को जांच के लिए देना चाहिए, क्योंकि एसआईटी अनुरोध कर सकती है, उसको गिरफ्तार करने का पावर नहीं है। चंदा चोर बहुत शातिर है।
पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह ने कहा 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करनी चाहिए। सबसे पहले ट्रस्ट को भंग कर देना चाहिए और जो 17 नाम आए है उन्हें जेल भेज देना चाहिए। इसमे कोई रॉकेट साइंस नहीं है, ना ही कोई विवाद खड़ा होना चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार और RSS पर बड़े सवाल उठाए है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद के संतों ने कारसेवा में जो 1400 करोड़ रुपये जमा हुए थे वो बीजेपी के लोग खा गए। इस तरह के आरोप पहले भी लगाए गए है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पहले एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की, SIT गठित की है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि चंपत राय और ट्रस्ट की बड़े नेता या सिस्टम के सपोर्ट के बिना इतना पैसा नहीं खा सकता है।
जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर अयोध्या थाने में बीएनएस की धारा 306, 316 (5) और 317 (4) में एफआइआर दर्ज हुई है। रमाशंकर यादव (टिन्नू यादव), अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, मनीष यादव, सुभाष, करूणेश समेत आठ लोगों के नाम एफआइआर में शामिल हैं।
मामले में दर्ज FIR पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि चंपत राय का नाम है या नहीं? वो मेन चोर है। तो पहले पता करो कि उसका नाम है या नहीं। अनिल मिश्रा का नाम है या नहीं? गोपाल राव का नाम है या नहीं? क्या FIR में सबसे बड़े चोरों के नाम हैं? कागजात मिलने के बाद बताऊंगा। क्या चंपत राय, सबसे बड़े चोर, जिसने जमीन घोटाला किया, जिसके लीडरशिप में चंदा घोटाला हुआ, उसके खिलाफ कोई FIR है? चंपत राय से सब डरते हैं। कोई कैसे अरेस्ट होगा?
AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान को चढ़ाए गए हीरे-जवाहरात चोरी हो गए। कहते हैं कि 200 करोड़ रुपये तक कैश चोरी हो गया। किसी ने 200 kg चांदी दान की थी, वह भी चोरी हो गई। श्री राम मंदिर के बारे में जिस तरह की खबरें आ रही हैं, उससे मेरा दिल बहुत दुखता है। मेरा दिल बहुत दुखी है। इस SIT के पास जांच करने का कोई अधिकार नहीं है, इसलिए यह SIT लोगों की नजर में सिर्फ एक धोखा है। यह पूरे मामले को दबाने की कोशिश है, और SIT का काम सिर्फ असरदार लोगों को बचाना है।
राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े वित्तीय हितों और इसकी गरिमा को बनाए रखने के लिए विश्व हिंदू परिषद ने भी मोर्चा खोल दिया है। विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने प्रशासन से त्वरित कानूनी कदम उठाने की जोरदार वकालत की। उन्होंने तुरंत एफआइआर दर्ज कऱने की मांग की थी। साथ ही कहा कि मंदिर से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाई जाए। समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बने और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।