
Ram mandir Donation Scam: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने दावा किया कि अमित शाह पिछले ढाई साल में एक बार भी अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने नहीं गए, जबकि उन्होंने कई बार भगवान राम के नाम पर वोट मांगे।
केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह के पास चुनावी सभाओं और इंटरव्यू में भगवान राम का जिक्र करने का समय है, लेकिन भगवान के दर्शन और आशीर्वाद लेने का समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने वर्षों तक केवल राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पांच सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि पिछले ढाई साल में वे राम मंदिर क्यों नहीं गए, क्या उनका भगवान राम के दर्शन करने का मन नहीं करता, क्या उन्हें अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की जरूरत महसूस नहीं होती, क्या उन्हें भगवान राम के आशीर्वाद की आवश्यकता नहीं है, और क्या वे भगवान श्रीराम को भगवान मानते हैं। इसके साथ ही केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले 891 दिनों में अमित शाह ने अपने भाषणों और इंटरव्यू में 42 से अधिक बार राम मंदिर का जिक्र किया, लेकिन इस दौरान वे एक भी बार अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने नहीं पहुंचे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा के नेता भगवान राम को सच्चे मन से मानते, तो राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी जैसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केवल सत्ता हासिल करने के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, भगवान राम की कृपा से भाजपा केंद्र और 21 राज्यों में सत्ता में है। ऐसे में उन्हें भगवान का धन्यवाद करने राम मंदिर जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही देश की सच्ची सनातनी पार्टी है, क्योंकि उसकी राजनीति सेवा और जनकल्याण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकारी स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिकों और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सनातन के मूल्यों के अनुरूप समाज की सेवा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीबों की सेवा को ही सनातन की असली भावना मानती है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही है।
राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इस मामले में असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देश का हर सनातनी आहत है और लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाले नेता आखिर भगवान के दर्शन के लिए अयोध्या क्यों नहीं जाते।