राष्ट्रीय

Shiv Sena UBT Crisis: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ उद्धव गुट की बैठक हुई खत्म, जानें क्या हुई बातचीत

Maharashtra politics: शिवसेना के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की।

2 min read
Jun 17, 2026
Maharashtra politics
संजय राउत ने लोकसभा स्पीकर से की मुलाकात (Photo-ANI)

Shiv Sena UBT Crisis: शिवसेना के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के 2 और सांसद अनिल देसाई और अरविंद सावंत भी मौजूद थे। बिरला से मुलाकात करते हुए राउत ने बागी सांसदों को मान्यता नहीं देने की बात कही है।

स्पीकर से मिलने के बाद क्या बोले सावंत

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने के बाद शिवसेना UBT सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि मैंने स्पीकर से कहा कि अभी तक किसी ने यह नहीं कहा है कि वे पार्टी छोड़ रहे हैं। अगर कोई उनके पास आता है, तो संविधान का पालन होना चाहिए। किसी एक ग्रुप को मान्यता नहीं मिल सकती, सिर्फ एक पार्टी का दूसरी पार्टी में विलय हो सकता है।

संजय राउत ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस दौरान राज्य सभा सांसद संजय राउत ने बागी नेताओं को कड़ा संदेश दिया है। बुधवार को दिल्ली में सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राउत ने कहा कि यदि कोई नेता पार्टी छोड़ना चाहता है तो पहले अपने पद से इस्तीफा दे और फिर जनता का सामना करे।

विश्वासघात को बर्दाश्त नहीं करेगी जनता- राउत

राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता इस तरह के विश्वासघात को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जिसे जाना है वह इस्तीफा देकर जाए। अगर हमारे सांसदों के पार्टी छोड़ने की खबरें चल रही हैं तो उन्हें सामने आकर इसका खंडन करना चाहिए। इस बार महाराष्ट्र की जनता चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व ने सांसदों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और हमने मेहनत करके इन नेताओं को चुनाव जिताया। अगर इसके बावजूद कोई पार्टी छोड़ने की कोशिश करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

पैसे का किया जा रहा इस्तेमाल

संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को तोड़ने के लिए पैसे का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ सांसदों को 15-15 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि दी गई और इसके बाद वे चार्टर्ड विमानों से यात्रा कर रहे हैं। राउत ने बताया कि पार्टी ने 18 जून को संसदीय दल की बैठक बुलाई है और इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को भी पत्र लिखा गया है।

राउत ने कहा कि उनकी पार्टी को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का राजनीतिक रूप से मुकाबला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में रहकर भी इस लड़ाई को लड़ेंगे।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा सांसदों की बैठक 18 जून को दिल्ली स्थित संसदीय दल कार्यालय में आयोजित की जाएगी। पार्टी के छह सांसदों के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात करने की संभावना जताई गई है।

Updated on:
17 Jun 2026 01:13 pm
Published on:
17 Jun 2026 12:50 pm