राष्ट्रीय

मेरी आमदनी 4 करोड़ रुपये है और मैं शादी में 17 करोड़ कैसे खर्च करता? केतन हत्याकांड में सिया के पिता ने खोले राज

Siya Goyal Father Statement: केतन हत्याकांड में सिया के पिता ने कहा कि शादी में 17 करोड़ रुपये खर्च करने की बात झूठी है। वह अधिक से अधिक 5 करोड़ रुपये खर्च कर सकता था, क्योंकि मेरी आमदनी ही 4 करोड़ रुपये है।
2 min read
Jun 28, 2026
Siya Goyal in a viral video.
पुणे केतन हत्याकांड मामले की जांच जारी है। (Photo-X @ag_Journalist)

Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल के हत्याकांड में आरोपी सिया के पिता ने बड़ा खुलासा किया है। केतन और सिया की शादी नवंबर में होने वाली थी और इसके लिए राजस्थान में 17 करोड़ का एक महल बुक किया था। इस पर अब सिया के पिता प्रवीण गोयल ने बयान दिया है। उन्होंने शादी को लेकर करोड़ों रुपये के खर्च वाली बात को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वह शादी में अधिक से अधिक 5 करोड़ रुपये ही खर्च कर सकते थे।

मीडिया से बात करते हुए सिया गोयल के पिता ने कहा कि राजस्थान में 17 करोड़ रुपये का महल बुक करने और दो चार्टर्ड विमान किराए पर लेने जैसी खबरें झूठी है। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरी आमदनी 4 करोड़ रुपये है।

शादी का बजट कितना था?

प्रवीण गोयल ने कहा कि सिया और केतन की शादी 23 से 25 नवंबर के बीच उदयपुर में होनी थी और हमें 26 नवंबर को चेकआउट करना था। उन्होंने कहा कि होटल में एक कपल का प्रतिदिन का खर्च करीब 81-82 हजार रुपये था।

सिया के पिता ने कहा कि उनकी ओर से 70 कमरे और लड़के पक्ष की ओर से करीब 160 कमरे बुक किए जाने थे। इवेंट से लेकर खाने तक सब कुछ में खर्च होने का अनुमान करीब 3 करोड़ रुपये तक आने का था। 

चार्टर्ड विमान नहीं किया बुक

इस दौरान उन्होंने मेहमानों के उदयपुर जाने के प्लान का भी जिक्र किया। प्रवीण गोयल ने कहा कि जुलाई-अगस्त में शादी के लिए उदयपुर जाने की बुकिंग करने का विचार था। इसको लेकर ट्रेवल एजेंट ने उन्हें तीन विकल्प दिए थे। 

सिया के पिता ने कहा कि पहला विकल्प मुंबई से उदयपुर जाना था। इसके लिए पुणे से देर रात निकलना होता, जिससे मेहमानों को परेशानी होती। दूसरा पुणे से उदयपुर का था, लेकिन उसका खर्च उनकी क्षमता से अधिक था।

तीसरा विकल्प पुणे से अहमदाबाद की फ्लाइट और वहां से कारों के जरिए मेहमानों को उदयपुर स्थित रिसॉर्ट पहुंचाने का था। यह सड़क मार्ग करीब 3-4 घंटे का था।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी चार्टर्ड विमान बुक नहीं किया गया था। उनका इरादा सस्ते किराए में 20-25 हवाई टिकट खरीदने का था।

बहन के कहने पर बढ़ाया था बजट

प्रवीण गोयल ने कहा कि शुरुआत में वह कम बजट में शादी करना चाहते थे, लेकिन उनकी बहन ने सलाह दी कि बेटी अच्छे परिवार में जा रही है, इसलिए खर्च की ज्यादा चिंता न करें। इसके बाद उन्होंने अधिकतम 5 करोड़ रुपये तक खर्च करने का मन बनाया।

Updated on:
28 Jun 2026 09:01 am
Published on:
28 Jun 2026 09:01 am