राष्ट्रीय

Sonia Gandhi Hospitalised: सोनिया गांधी फिर अस्पताल में भर्ती, राहुल गांधी ने रद्द किया केरल दौरा

Sonia Gandhi Health Update: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि राहुल गांधी ने मां की तबीयत के चलते अपना केरल दौरा रद्द कर दिया।
2 min read
May 13, 2026
Sonia Gandhi admitted
सोनिया गांधी को अस्पताल में कराया भर्ती (Photo-IANS)

Sonia Gandhi Hospitalised: कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले 24 मार्च को भी उन्हें बुखार और सिस्टेमिक इन्फेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी को मंगलवार रात 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टर पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट में संभावित संक्रमण की जांच कर रहे हैं।

अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी

इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी अस्पताल पहुंचे। मां की तबीयत को देखते हुए, उन्होंने केरल का अपना तय कार्यक्रम रद्द कर दिया।

वहीं राहुल गांधी ने कोझिकोड में आयोजित एक रैली को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं यहां आना चाहता था, लेकिन मुझे दिल्ली में रुकना पड़ा क्योंकि मेरी मां अस्पताल में भर्ती हैं। एक बेटे के तौर पर मैं काफी चिंतित था।

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि मुझे भरोसा है कि केरल के लोग इसे समझेंगे। पूरी रात मैं मां की सेहत को लेकर परेशान रहा। इस दौरान मुझे सबसे ज्यादा सुकून केरल की एक नर्स से मिला, जो हर घंटे आकर मेरी मां की जांच कर रही थी।

जून में भी कराया था भर्ती

बता दें कि इससे पहले भी सोनिया गांधी को पिछले साल जून में पेट से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब उन्हें गैस्ट्रो विभाग में निगरानी में रखा गया था। वहीं 7 जून 2025 को उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था।

केरल में CM पद को लेकर खींचतान जारी

केरल में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भी कांग्रेस अब तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं कर पाई है। दरअसल, 4 मई को विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित हुए थे। कांग्रेस ने 63 सीटों पर जीत दर्ज की थी। CM पद की रेस में वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला का नाम चल रहा है।

बताया जा रहा है कि अधिकतर विधायकों का समर्थन केसी वेणुगोपाल को है। लेकिन सतीशन को सहयोगी दलों का समर्थन मिल रहा है।

Updated on:
13 May 2026 12:12 pm
Published on:
13 May 2026 11:54 am