राष्ट्रीय

सुवेंदु अधिकारी की जीत के बाद बदले रिजु दत्ता के सुर, नए CM की तारीफ में कही बड़ी बात, देखें Video

Riju Dutta Big Statement: टीएमसी से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी शांति की अपील से बंगाल में बड़ी हिंसा टली और हजारों टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बची है।
2 min read
May 11, 2026
Riju Dutta
रिजु दत्ता (ANI)

Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने बीजेपी नेता और नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की खुलकर तारीफ की है। रिजु दत्ता ने दावा किया कि सुवेंदु अधिकारी ने अपने संयम और शांति की अपील से हजारों टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बचाई है।

5000 टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बचाने का दावा

रिजु दत्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पद संभालने के महज दो दिनों के भीतर ही सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बने सिर्फ 2 दिन हुए हैं। इन दो दिनों में उन्होंने कम से कम 5000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। उन्होंने आगे कहा कि 6 मई को सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद राज्य में तनावपूर्ण माहौल बन गया था।

सुवेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ

रिजु दत्ता ने बताया कि घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी ने अपने समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा सुवेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं लेगा। प्रशासन इस मामले को देख रहा है। आप सभी शांति बनाए रखें। रिजु दत्ता ने इस रुख की सराहना करते हुए कहा कि इसी संयम की वजह से बंगाल में बड़ी हिंसा टल गई। उन्होंने कहा मैं सुवेंदु अधिकारी को सलाम करता हूं। उन्होंने हजारों लोगों की जान बचाई है।

अब वो पूरे बंगाल के मुख्यमंत्री हैं

रिजु दत्ता ने कहा कि बंगाल की जनता ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुना है, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी पूरे राज्य के प्रति है। उन्होंने कहा अब हम देखेंगे कि वह अपने वादे निभाते हैं या नहीं। बंगाल में हिंसा रुकती है या नहीं, महिलाओं को सुरक्षा मिलती है या नहीं और अपराधियों पर कार्रवाई होती है या नहीं। आज शुभेंदु अधिकारी सिर्फ बीजेपी के नेता नहीं हैं, बल्कि पूरे बंगाल के मुख्यमंत्री हैं। वह मेरे भी मुख्यमंत्री हैं।

बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया। चुनाव में बीजेपी को 207 सीटें मिलीं, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। इस बड़ी जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह जीत पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है।

Updated on:
11 May 2026 03:02 pm
Published on:
11 May 2026 03:02 pm