
सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या (Patrika Graphic)
Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के बक्सर जिले में बड़ी छापेमारी की है।
सूत्रों के अनुसार, STF की टीम ने बक्सर के पांडेयपट्टी इलाके में स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस दौरान टीम ने कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया है।
विशाल श्रीवास्तव लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उस पर कई आपराधिक मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। बताया जाता है कि उसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद STF टीम विशाल श्रीवास्तव को पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई। हालांकि, कुछ समय की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। इस घटनाक्रम को लेकर जांच एजेंसियां अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान नहीं दे रही हैं।
गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई 2026 की रात को हुई थी। जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने पहले से घात लगाकर उन पर हमला किया और नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ रथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई थीं, जिसका इलाज जारी है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस और STF लगातार जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल असली आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर छानबीन जारी है। फिलहाल, इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है और जांच एजेंसियां हर एंगल से केस को सुलझाने में जुटी हुई हैं।
Updated on:
11 May 2026 10:12 am
Published on:
11 May 2026 09:23 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
