Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 12.51 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। 23 अप्रैल को मतदान और 4 मई को नतीजे घोषित होंगे।
Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार राज्य में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में 12.51 लाख युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे, जिन्हें राजनीतिक विश्लेषक चुनावी मुकाबले में संभावित ‘किंगमेकर’ मान रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 12.51 लाख मतदाता इस बार पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य में युवाओं की बड़ी संख्या इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में अलग-अलग आयु वर्ग के मतदाता इस चुनाव में हिस्सा लेंगे। राज्य में 100 वर्ष से अधिक आयु के 2,530 मतदाता हैं, जबकि 85 से 100 वर्ष के बीच लगभग चार लाख वरिष्ठ नागरिक मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा करीब 4.63 लाख दिव्यांग मतदाता भी मतदान करेंगे।
चुनाव के सुचारू संचालन के लिए राज्य भर में 75,032 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य श्रेणी के मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा राज्य में 67,056 सेवा मतदाता भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें सशस्त्र बलों के सदस्य और अपने गृह निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर तैनात सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने हाल ही में तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा की है। तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनावी कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राज्य में राजनीतिक दलों ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। युवा मतदाताओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की बड़ी भागीदारी के कारण इस बार का चुनाव राज्य की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है।