
Tamilnadu Election 2026 | तमिलिसाई सौंदरराजन (Image: ANI)
Tamilnadu Election 2026: तमिलिसाई सौंदरराजन ने चुनाव आयोग की नई 'क्लीन वोटर लिस्ट' पहल का स्वागत करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि DMK के शासन में मतदाता सूची में फर्जी नाम शामिल किए गए थे और मृत लोगों के नाम पर भी वोट डलवाए जाते थे।
चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा कि क्लीन वोटर लिस्ट लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी अयोग्य मतदाता सूची में शामिल न हो और किसी पात्र मतदाता का नाम हटाया भी न जाए।
तमिलिसाई ने कहा कि DMK पर लंबे समय से मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़ने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मृत आत्माएं स्वर्ग में शांति से रहेंगी और अब उन्हें चुनावों में परेशान नहीं किया जाएगा।” उनके मुताबिक इस बार मतदाता सूची को साफ करने की प्रक्रिया से चुनाव अधिक पारदर्शी होंगे।
उन्होंने चुनाव आयोग के इस फैसले के लिए केंद्र सरकार और इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना था कि इससे चुनावी प्रक्रिया में विश्वास और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा वास्तविक मतदाताओं को ही मतदान का अधिकार मिलेगा।
इस बीच चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 23 अप्रैल को कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में कुल 5.67 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें पुरुष, महिला और तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में युवा मतदाता, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक भी इस चुनाव में भाग लेंगे।
राज्य में मुख्य मुकाबला DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन और नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) के बीच माना जा रहा है। वहीं अभिनेता से राजनेता बने विजय भी अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के साथ इस चुनाव में पहली बार मैदान में उतर रहे हैं।
राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज होता जा रहा है।
Published on:
15 Mar 2026 07:37 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
