राष्ट्रीय

TCS Sexual Harassment: महिला कर्मचारी ने साड़ी खींचने, पेट और कमर छूने का लगाया आरोप, 8 आरोपी गिरफ्तार

TCS के नासिक ऑफिस में महिला कर्मचारी ने यौन उत्पीड़न, साड़ी खींचने और जांघ पर हाथ रखने की घटनाएं बताईं। 9 FIR दर्ज हो चुकी हैं और 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉर्पोरेट जिहाद का एंगल जांचने की बात कही।

2 min read
Apr 20, 2026
TCS Nashik Case woman employee serious allegations harassment controversy
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (सोर्स-IANS)

TCS Sexual Harassment Case: भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक ऑफिस में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के आरोपों ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है। नवविवाहित महिला कर्मचारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सहकर्मी उसे प्लेयर कहकर चिढ़ाते थे, हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे और शारीरिक छेड़छाड़ तक पहुंच गए। नासिक पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे कॉर्पोरेट जिहाद बताया है।

पीड़िता का बयान: ट्रेनिंग से शुरू हुई परेशानी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में शादी के बाद वह नासिक यूनिट में एसोसिएट के रूप में जॉइन हुई। तीन महीने की ट्रेनिंग 24 जून से शुरू हुई। ट्रेनिंग लीडर शाहरुख कुरैशी और जयेश गुंजल थे। टीम लीड रजा मेनन ट्रेनिंग से जुड़े नहीं थे लेकिन बार-बार आकर व्यक्तिगत सवाल पूछते थे। पीड़िता ने कहा 'आपके पति दूर रहते हैं, आप सब कैसे मैनेज करती हैं? डर नहीं लगता? कोई जरूरत हो तो बताएं, मैं हर समय मदद के लिए तैयार हूं।' शादी को सिर्फ एक महीना हुआ था फिर भी रजा ने हनीमून और वैवाहिक जीवन पर आपत्तिजनक सवाल किए। रजा ने उसे प्लेयर का उपनाम दिया और ऑफिस में इसी नाम से पुकारते थे।

साड़ी खींचने और शारीरिक छेड़छाड़ की घटना

पीड़िता ने बताया कि गुड़ी पड़वा के दिन मार्च में जब वह साड़ी पहनकर आई थी तो रजा ने उसकी साड़ी का पल्लू खींच लिया। पीड़िता ने कहा 'मैंने मुड़कर देखा तो मेरा पल्लू रजा के हाथ में था। मैंने तुरंत खींच लिया, तब वह उसे देखकर मुस्कुराया' बाद में जब वह नियमित ड्यूटी पर आई तो दूसरे टीम के आसिफ अंसारी बार-बार पास आकर बैठने लगे। पीड़िता ने पुलिस को बताया, 'वे मेरी जांघ और कंधे पर हाथ रखते थे। एक बार उन्होंने पेट और कमर छूते हुए कहा कि तुम्हारा जीरो फिगर है। गैलरी में उन्होंने मुझे जोर से गले लगा लिया, मैंने धक्का देकर भाग ली।' आसिफ ने कहा, 'क्या तुम मुझे पसंद करती हो? मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं।' लंच टाइम में भी वे पास बैठकर जांघ पर हाथ रखते और कहते, 'जैसे तुम पति के लिए खाना बनाती हो वैसे मेरे लिए भी बनाकर लाओ। शादी से पहले बॉयफ्रेंड थे, एक और रखने में क्या बुराई है?

पीड़िता से की ऑनलाइन अश्लील टिप्पणियां

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आसिफ ने इंस्टाग्राम पर फॉलो किया, ब्लॉक करने पर लिंक्डइन पर मैसेज किए। उन्होंने हिंदू देवताओं पर अश्लील टिप्पणियां कीं। जब पीड़िता ने विरोध किया तो धमकी दी, 'तुम आगे बढ़ना चाहती हो न? तो मेरी बात मानो।' कंपनी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में एथिक्स या पीओएसएच चैनल पर ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली। फिर भी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत आरोपियों को सस्पेंड कर दिया गया।

मुख्यमंत्री का बयान और परिवार का पलटवार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है। अगर यह कॉर्पोरेट जिहाद निकला तो इसकी जड़ तक पहुंचेंगे। TCS का शुक्रिया अदा किया कि कंपनी ने तुरंत संज्ञान लिया। आरोपी रजा मेनन के परिवार ने दावा किया कि यह प्रोफेशनल राइवलरी और साजिश है। उनके चाचा अयाज काजी ने कहा कि रजा हाई परफॉर्मर है और इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया। परिवार ने कम्यूनल डिस्क्रिमिनेशन का भी आरोप लगाया।

Published on:
20 Apr 2026 06:58 pm