राष्ट्रीय

Bengal Election Voting: आरजी कर पीड़िता की मां ने वोट डालने के बाद लगाया गंभीर आरोप, कहा- EVM में आ रही समस्या

Bengal Election 2026: बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के बीच बीजेपी प्रत्याशियों ने ईवीएम में समस्या होने का आरोप लगाया है।

2 min read
Apr 29, 2026
West Bengal elections Phase 2 voting
BJP प्रत्याशी ने ईवीएम में समस्या होने का लगाया आरोप (Photo-IANS)

Bengal Election Voting: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसी बीच पनिहाटी से बीजेपी प्रत्याशी और आरजी कर पीड़िता की मां ने वोट डालने के बाद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि EVM के बटन में कुछ समस्या आ रही है। इसे दबाने में समय लग रहा है, मैं अधिकारी को सूचित करूंगी।

साथ ही उन्होंने जल्दी मतदान करने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया और अधिक से अधिक लोगों से बाहर निकलकर मतदान करने का आग्रह किया।

पिता भी हुए भावुक

पीड़िता के पिता मतदान करने के लिए बाहर निकलते समय भावुक हो गए। आंसू रोकते हुए पिता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि यह बहुत दुखद है कि हमें अपनी बेटी के लिए न्याय पाने के लिए इस तरीके का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन हम जीतेंगे और अपनी बेटी के लिए न्याय हासिल करेंगे। हम जनता के साथ हैं।

मशीन में आ रही समस्या- BJP प्रत्याशी

वहीं सोनारपुर दक्षिण से बीजेपी प्रत्याशी रूपा गांगुली ने भी ईवीएम को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मशीन और बैटरी में थोड़ी दिक्कत थी। मैंने उसे जल्दी से ठीक करवा लिया। मैं अभी और कुछ नहीं कह सकती।

ई-रिक्शा से वोट डालने पहुंची TMC सांसद

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा वोट डालने के लिए ई-रिक्शा से मतदान केंद्र पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग (ECI) ने कहा है कि मोटरसाइकिल से नहीं आना है, इसलिए हम टोटो से आए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इस बार हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में लगे हुए हैं। 27 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं और बाकी बचे सभी मतदाता 100 प्रतिशत मतदान जरूर करेंगे। इसलिए मतदान प्रतिशत निश्चित रूप से बहुत ज्यादा होगा। यह सीधा-सा गणित है। लोग बदले की भावना से वोट कर रहे हैं क्योंकि वे केंद्र सरकार और चुनाव आयोग द्वारा किए गए मजाक का करारा जवाब देंगे। 

4 मई को आएंगे नतीजे

बता दें कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। प्रदेश में पहले चरण में रिकॉर्डतोड़ वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। इस बार ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

Updated on:
29 Apr 2026 08:47 am
Published on:
29 Apr 2026 08:32 am