
Neemuch Rain Ritual: मध्यप्रदेश में मानसून की बेरुखी और लंबे समय से बारिश न होने के कारण किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। बारिश के लिए लोग अब तरह-तरह के जतन और टोटके करने लगे हैं। ऐसा ही एक अजब-गजब मामला नीमच जिले के जावद क्षेत्र से सामने आया है, जहां रूठे इंद्रदेव को मनाने के लिए ग्रामीणों ने विज्ञान के इस युग में पुरानी मान्यताओं का सहारा लिया। यहां ग्रामीणों ने एक गधे को दावत में गुलाब जामुन खिलाए और नगर पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर पूरे नगर में घुमाया।
मिली जानकारी के अनुसार, जावद क्षेत्र में अल्पवर्षा के चलते जल संकट गहराने लगा है। बारिश न होने से किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। सूखे की इस मार से परेशान किसानों और स्थानीय युवाओं ने बुधवार को एक पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। सबसे पहले खोर दरवाजा स्थित रामलीला मैदान में विराजित प्राचीन 'घास भेरू जी' की ढोल-नगाड़ों और ढमाके के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई।
देखें वीडियो-
पूजा के बाद मान्यताओं के अनुसार एक गधे को बड़े ही चाव से गुलाब जामुन खिलाए गए। इसके पश्चात नगर पटेल को उसी गधे पर उल्टा बैठाया गया और जुलूस की शक्ल में पूरे क्षेत्र में उनकी सवारी निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा मौजूद रहे। गधे को मिठाई खिलाने और पटेल की उल्टी सवारी का यह नजारा पूरे इलाके में कौतूहल का विषय बना रहा।
बालकिशन धाकड़ का मानना है कि इस तरह के टोटके करने और नगर पटेल को गधे पर उल्टा घुमाने से रूठे हुए इंद्रदेव सन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथ जोड़कर भगवान से कामना की कि इस परंपरा के बाद क्षेत्र में मेहरबान होकर बादल बरसें, ताकि किसानों की फसलें बच सकें और मंडराता जल संकट दूर हो सके।