
15 August 2026: 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री का तिरंगा फहराना देखने का उत्साह हर किसी में होता है। अगर आप भी इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह को लाल किले से देखने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ टिकट या पास होना ही काफी नहीं है। वहां पहुंचने से पहले यह जानना भी जरूरी है कि क्या लेकर जाना है और क्या नहीं। क्योंकि सुरक्षा जांच में अगर आपके पास प्रतिबंधित सामान मिला तो आपकी पूरी तैयारी धरी की धरी रह सकती है।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रहती है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले हर व्यक्ति की जांच होती है। ऐसे में घर से निकलते समय छोटी-सी गलती भी आपको परेशानी में डाल सकती है।
लाल किले पर होने वाले समारोह में आम लोगों के लिए भी प्रवेश की व्यवस्था होती है, लेकिन बिना निर्धारित टिकट या ई-पास के सीधे कार्यक्रम में पहुंचकर एंट्री मिलने की उम्मीद न रखें। इसके साथ मूल फोटो ID रखना भी जरूरी है। आधार कार्ड, वोटर ID या पासपोर्ट जैसे वैध पहचान पत्र साथ रखें।
ध्यान रखें कि टिकट बनवाते समय जिस पहचान पत्र का इस्तेमाल किया गया है, सुरक्षा जांच के दौरान उसी का मूल दस्तावेज मांगा जा सकता है।
अगर आपको लगता है कि कार्यक्रम में आराम से बैठने के लिए बड़ा बैग, खाने-पीने का सामान या पानी की बोतल साथ ले जाना ठीक रहेगा, तो पहले नियम जरूर देख लें। सुरक्षा कारणों से कई तरह के बैग और सामान पर रोक रहती है।
कैमरा, दूरबीन, हैंडीकैम, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक, चार्जर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान को लेकर भी प्रतिबंध हो सकते हैं। इसलिए जरूरत न हो तो ऐसी चीजें घर पर ही छोड़ना बेहतर है।
चाकू, ब्लेड, कैंची, पेचकस, हथौड़ा और दूसरी नुकीली चीजें बिल्कुल न लेकर जाएं। माचिस, लाइटर, पटाखे, विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ, स्प्रे, एरोसोल, शराब और इसी तरह की दूसरी चीजों पर भी रोक रहती है।
15 अगस्त की सुबह लाल किले के आसपास सामान्य दिनों जैसा ट्रैफिक नहीं रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई रास्तों पर डायवर्जन और पाबंदियां हो सकती हैं। ऐसे में मेट्रो से जाना ज्यादा आसान विकल्प हो सकता है।
अगर कार से जाने की योजना है तो पार्किंग की व्यवस्था पहले ही पता कर लें। आखिरी समय पर पार्किंग तलाशने में समय खराब हो सकता है।
सुरक्षा जांच में भीड़ हो सकती है, इसलिए बिल्कुल आखिरी समय पर लाल किले पहुंचने से बचें। घर से निकलने से पहले टिकट, ID और साथ ले जाने वाले सामान की एक बार जांच कर लें।
सीधी बात है 15 अगस्त को लाल किला जाना है तो सिर्फ देशभक्ति का जोश लेकर न निकलें, नियमों की जानकारी भी साथ रखें। वरना समारोह शुरू होने से पहले ही सुरक्षा गेट पर आपकी पूरी प्लानिंग रुक सकती है।