विपक्षी भाजपा ने पांच केंद्रीय मंत्रियों सहित 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है जो ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे।
भाजपा ने ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र अपनी पूर्व विधायक राधा रानी पांडा को मैदान में उतारा है। इस सीटपर उपचुनाव 31 मई को होगा। तो वहीं राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल ने ब्रजराजनगर के पूर्व विधायक किशोर मोहंती की पत्नी अलका मोहंती को उम्मीदवार बनाया है। किशोर मोहंती का पिछले साल 30 दिसंबर को निधन हो गया था, इसीलिए इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। तो वहीं भाजपा ने ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के वास्ते प्रचार करने के लिए पांच केंद्रीय मंत्रियों समेत 40 प्रचारकों की सूची जारी की है।
भाजपा ओडिशा द्वारा भारत के चुनाव आयोग को सौंपी गई सुची में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, प्रल्हाद जोशी, अश्विनी वैष्णव और बिसेश्वर टुडू का नाम शामिल हैं। तो वहीं अन्य प्रमुख नेताओं में भाजपा के अध्यक्ष समीर मोहंती, , राज्य प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी, सांसद सुरेश पुजारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह शामिल हैं।
अधिसूचना के अनुसार उपचुनाव 31 मई को होंगे। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 मई है। मतगणना 3 जून को निर्धारित की गई है। बता दें भाजपा उम्मीदवार और पूर्व विधायक राधा रानी पांडा ने 2014 में आम चुनाव में सीट पर जीत दर्ज की थी। पांडा ने बीजद उम्मीदवार अनूप कुमार साई को हराकर यह सीट जीती थी। हालांकि, वह 2019 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान बीजद के किशोर मोहंती से 11,634 के अंतर से हार गईं। भाजपा ने पांडा को एक और मौका दिया है।
यह भी पढ़ें: भाजपा के विरोध के बीच सीएम नीतीश का ऐलान, बिहार में जल्द ही बुलाएंगे सर्वदलीय बैठक
बता दें, ब्रजराजनगर उपचुनाव में कुल 2,14,261 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। उपचुनाव के लिए 279 मतदान केंद्र होंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की तारीख 31 मई, 2022 घोषित की है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा उपचुनाव के लिए JDU ने अनिल हेगड़े को बनाया उम्मीदवार