नई दिल्ली

Delhi: दिनदहाड़े सरेआम 55 साल के व्यक्ति को मार दी गोली, ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली दहशत

Delhi: सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उनकी तलाश जारी है।
2 min read
A 55-year-old man shot daylight in Delhi bike riders spread terror by firing indiscriminately
दिल्ली में दिनदहाड़े युवक को दो बाइक सवारों ने गोली मार दी। (प्रतीकात्मक फोटो)

Delhi: दक्षिणी दिल्ली के बेगमपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक पार्क के पास 55 साल के व्यक्ति पर दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उनकी तलाश जारी है।

दिल्ली के बेगमपुर के रहने वाले हैं लखपत सिंह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल शख्स की पहचान लखपत सिंह कटारिया के रूप में हुई है, जो बेगमपुर के ही रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, मालवीय नगर थाना क्षेत्र की पीसीआर यूनिट को शुक्रवार सुबह 9:53 पर एक कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लखपत सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि दो अज्ञात हमलावरों ने लखपत सिंह को पार्क के पास घेरकर गोलियां बरसाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

एक हफ्ते में सामने आईं कई घटनाएं

दिल्‍ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने शख्स को गोली मारने से पहले उसकी बेटी को लेकर आपत्तिजनक बातें भी कहीं थी। इसपर शख्स ने विरोध जताया। इसके बाद आरोपियों ने उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले एक हफ्ते के भीतर गोलीबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में रोहिणी इलाके में एक कारोबारी को बदमाशों ने निशाना बनाया था, वहीं नजफगढ़ में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर गोलियां चलाई थीं। इन घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके अलावा, द्वारका सेक्टर और शाहदरा इलाके में भी गोलीबारी की घटनाएं रिपोर्ट हुईं, जिनमें कुछ लोग घायल हुए और कई वारदातों में हमलावर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, लेकिन लगातार बढ़ती गोलीबारी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

Updated on:
26 Sept 2025 11:57 am
Published on:
26 Sept 2025 11:51 am