ED के AAP नेता दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर भड़की आम आदमी पार्टी, सौरभ भारद्वाज का बड़ा आरोप- बीजेपी के खिलाफ लड़ने और चुनाव के कारण हुई कार्रवाई।
AAP vs BJP: आम आदमी पार्टी AAP के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ED की छापेमारी के बाद सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का साफ कहना है कि जहां भी चुनाव आते हैं, वहां विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को आगे कर दिया जाता है।
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने इस छापेमारी पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि अब यह पैटर्न पूरे देश के सामने साफ हो चुका है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा, 2025 में दिल्ली में चुनाव थे, तो 2022 से लेकर 2024 तक दिल्ली के नेताओं पर लगातार ED और CBI की कार्रवाई की गई। मंत्रियों, सांसदों और यहां तक कि मुख्यमंत्री तक को गिरफ्तार किया गया। जब बंगाल में चुनाव थे, तो वहां हर रोज ED पहुंच रही थी और लगातार छापे मारे जा रहे थे। अब चूंकि पंजाब और गोवा में चुनाव हैं, तो वहां छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश देख रहा है कि जहां चुनाव होते हैं, ED वहीं के विपक्षी नेताओं को निशाना बनाती है।
पार्टी के अन्य नेताओं और समर्थकों की ओर से भी सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यह सब कर रही है। पार्टी सूत्रों और सोशल मीडिया पर जारी बयानों में कहा गया, देश में पेपर लीक रुक नहीं रहे हैं, अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क हो चुका है, और इनके बीजेपी के अपने नेता गंभीर मामलों में पकड़े जा रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब हो रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी का खौफ इतना ज्यादा है कि गोवा में पार्टी कार्यकर्ताओं और सह-प्रभारी दीपक सिंगला को फर्जी ED छापों के जरिए परेशान किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने दीपक सिंगला की इस घेराबंदी को लेकर एक और बड़ा दावा किया है। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि दीपक सिंगला को इसलिए परेशान या गिरफ्तार नहीं किया जा रहा कि उन्होंने कोई गलत काम किया है, बल्कि इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह मुस्तैदी से बीजेपी की नीतियों के खिलाफ काम कर रहे थे। दावा यह भी किया गया कि दीपक सिंगला ने बीजेपी में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पार्टी ने सिंगला को 'बहादुर' बताते हुए कहा कि वह देश के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
फिलहाल, इस छापेमारी को लेकर सियासी बयानबाजी चरम पर है, और आने वाले दिनों में पंजाब और गोवा के चुनावी मैदान में यह मुद्दा और गरमाने की उम्मीद है।