
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा शिरकत करेंगे। मुखर होकर पार्टी लाइन से हमेशा अलग अपने विचार रखने वाले शत्रुघ्न सिन्हा के आम आदमी पार्टी सरकार (आप) के कार्यक्रम शामिल होने को लेकर सियासी गलियारे में एक बार फिर से चर्चाएं जोरों पर है। सियासी पंड़ितों का आंकलन है कि लोकसभा चुनाव से पहले सिन्हा कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं। इधर आम आदमी पार्टी ने इस तरह के किसी भी संभावनाओं से इनकार किया है। हालांकि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब सिन्हा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।
स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम को लॉंच करेगी सरकार
आपको बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली सरकार उत्तर पूर्वी जिले के नंद नगरी से स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम को लॉंच करेगी। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। इधर सिन्हा के शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह दिल्ली सरकार का कार्यक्रम है और शत्रुघ्न सिन्हा सरकार की नीतियों के समर्थक रहे हैं। इस मामले को लेकर सिन्हा ने सार्वजनिक मंचों पर कई बार इजहार भी किया है। बता दें कि इस तरह के कार्यक्रम में सिन्हा के शामिल होने को लेकर किसी तरह के सियासी मायने नहीं निकाले जाने चाहिए। हालांकि सियासी पंड़ितों का कहना है कि यह कार्यक्रम ऐसे वक्त में हो रहा है जब लोकसभा के चुनाव नजदीक है। आम आदमी पार्टी की पूरी कोशिश है कि वह दिल्ली में पूर्वांचल से ताल्लुक रखने वाले मतदाताओं को अपनी और आकर्षित कर सके।
भाजपा की पकड़ मजबूत
आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली के उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र में पूर्वांचल के मतदाताओं की संख्या अधिक है और मौजूदा स्थिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सांसद है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने भी पूर्वांचलियों को साधने के लिए पूर्वांचल से ताल्लुक रखने वाले दिलीप पांडेय को लोकसभा प्रभारी बनाया है। इसके अलावा भी आप पूर्वांचल के अन्य दिग्गज नेताओं को साधने में लगे हैं ताकि लोकसभा के चुनाव में उसे भुनाया जा सके। लिहाजा शत्रुघ्न सिन्हा का आप के कार्यक्रम में शामिल होना कुछ इसी रणनीति का हिस्सा लग रहा है।