नई दिल्ली

‘शिकायत की, फिर भी एक्शन नहीं हुआ’, CJP प्रदर्शन में महिला ने जुनैद पर लगाए गंभीर आरोप

CJP Protest Latest News: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने मोहम्मद जुनैद के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि शिकायत के बावजूद उस समय कार्रवाई नहीं हुई।
2 min read
Mohammad Junaid
जुनैद के खिलाफ महिला ने दर्ज कराई शिकायत। (फोटो सोर्स- ANI)

Jantar Mantar Protest:जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रदर्शन से जुड़ा एक मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। प्रदर्शन में शामिल रही एक महिला ने खाना बांटने वाले मोहम्मद जुनैद के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत की है। महिला ने जुनैद पर लड़कियों के साथ गलत व्यवहार करने और उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर ली है और अब उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। उसने मांग की है कि अगर जांच में उसके आरोप सही पाए जाते हैं तो जुनैद को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

जुनैद पर क्या आरोप लगाए?

महिला का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान जुनैद ने कुछ लड़कियों के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। उसने दावा किया कि जुनैद ने लड़कियों को गलत तरीके से छुआ और देर रात उन्हें मैसेज भी करता था।

हालांकि, अभी ये सभी आरोप महिला की शिकायत पर आधारित हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ होगा कि इन आरोपों में कितनी सच्चाई है।

महिला ने बताया कि उसने प्रदर्शन के दौरान ही इस मामले को उठाने की कोशिश की थी। उसका कहना है कि उस समय उसे समझाया गया कि अगर यह मामला सामने आया तो प्रदर्शन का माहौल खराब हो सकता है। इसी वजह से उसने उस समय खुलकर विरोध नहीं किया।

अभिजीत दीपके पर भी सवाल

महिला ने CJP से जुड़े अभिजीत दीपके और उनकी टीम पर भी आरोप लगाया है। उसका दावा है कि उसने जुनैद के व्यवहार की शिकायत दीपके से की थी, लेकिन इसके बावजूद उस समय जुनैद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

महिला का कहना है कि उसकी आपत्ति के बावजूद जुनैद प्रदर्शन में आता रहा। उसने यह भी दावा किया कि उसके पास उस समय की रिकॉर्डिंग है। उसके मुताबिक, इस रिकॉर्डिंग में वॉलिंटियर्स ग्रुप से जुड़ी एक लड़की जुनैद के कथित व्यवहार को लेकर माफी मांगती नजर आती है।

महिला ने उठाया कार्रवाई पर सवाल

शिकायतकर्ता ने कहा कि अगर किसी दूसरे मामले में टीम से जुड़े व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है तो जुनैद के मामले में ऐसा क्यों नहीं हुआ। वह चाहती है कि इस मामले को भी गंभीरता से लिया जाए और उसे सार्वजनिक रूप से माफी मिले। महिला ने यह भी दावा किया कि शिकायत के बाद जुनैद झारखंड चला गया था।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले को आगे बढ़ाया है। जुनैद की ओर से इन आरोपों पर कोई जवाब सामने आया है या नहीं, यह भी जांच में अहम रहेगा। ऐसे में अभी महिला की ओर से लगाए गए आरोपों को दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

Updated on:
08 Aug 2026 03:54 pm
Published on:
08 Aug 2026 03:53 pm