
नशे में पुलिसकर्मी के बेटे ने Mercedes से बुजुर्ग महिला को कुचला, फोटो सोर्स- ANI
Delhi Narela Mercedes Accident: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में आज सुबह रफ्तार और लापरवाही का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। मामूरपुर स्थित हिमालय अपार्टमेंट्स के बाहर एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दूसरी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में आने से सुबह की सैर पर निकलीं 70 साल की बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी उर्मिला के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह करीब 8 बजे हुआ। अनियंत्रित मर्सिडीज ने सामने से आ रही वैगनआर (Wagon R) कार में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर पीछे की ओर उछलकर दूर खड़े एक थ्री-व्हीलर लोडिंग वाहन से जा टकराई। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं उर्मिला दोनों गाड़ियों के बीच में फंस गईं और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वैगनआर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे के वक्त मर्सिडीज कार की कमान हरियाणा पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के बेटे शुभम के हाथों में थी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि शुभम भारी नशे की हालत में था और काफी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद के दृश्यों में चालक बदहवास हालत में ड्राइविंग सीट पर बैठा दिख रहा है और कार के कप होल्डर में शराब की एक बोतल भी रखी नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि यह लग्जरी कार शुभम के किसी दोस्त की है, जिसे वह एक दिन पहले मांगकर लाया था।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने आरोपी शुभम को मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है ताकि खून में अल्कोहल की पुष्टि हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लापरवाही से मौत समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर शहरों में लग्जरी गाड़ियों से होने वाली तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की गंभीर समस्या को उजागर करता है। इससे पहले भी वसंत कुंज में मर्सिडीज हादसे और पुणे के चर्चित पोर्श (Porsche) केस में बेकाबू रफ्तार कई बेकसूरों की जान ले चुकी है।
Updated on:
08 Aug 2026 02:40 pm
Published on:
08 Aug 2026 02:40 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
