देश में कोरोना के कुल मामले ( Coronavirus Cases in India ) 82 लाख से ज्यादा और एक्टिव 5.5 लाख से कम। देश में रिकवरी रेट 91.96 फीसदी जबकि एक्टिव केस 6.55 फीसदी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने जारी किया अपडेट।
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल करने के बाद भारत में एक्टिव केस 5.5 लाख से नीचे आ गए हैं। यह संख्या देश में 82 लाख से ज्यादा कोरोना के कुल आंकड़ों ( Coronavirus Cases in India ) का केवल 6.55 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि लगातार कोरोना मरीजों के ठीक होने से एक्टिव केस में कमी आने का सिलसिला जारी है। आइए जानते हैं मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दिए गए अपडेट की 10 जरूरी बातें।
1. देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 76,03,121 हो गई है और एक्टिव केस से इनका अंतर 70,61,716 है। इसके चलते देश में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 91.96 प्रतिशत हो गया है।
2. मंत्रालय के मुताबिक एक दिन में सामने आने वाले नए मामलों की संख्या 40,000 से नीचे आ गई है। भारत में मंगलवार को कोविड-19 के 38,310 नए मामले दर्ज किए गए।
3. मंत्रालय ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना वायरस के मरीजों के ठीक होने और मृत्यु दर में निरंतर गिरावट के साथ, "भारत में एक्टिव केस को दर्ज करने की स्थिर प्रवृत्ति जारी है।"
4. ये उत्साहजनक परिणाम राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा व्यापक और लगातार उच्च देशव्यापी परीक्षण, शीघ्र और प्रभावी निगरानी और ट्रैकिंग, त्वरित अस्पताल में भर्ती कराने और मानक उपचार प्रोटोकॉल के प्रभावी पालन की रणनीति के तहत एक सहयोगी, फोकस्ड और प्रभावी कार्यान्वयन का परिणाम हैं।
5. बीते 24 घंटे में कुल 58,323 रोगियों ठीक हुए हैं, जिनमें से 80 प्रतिशत आंकड़ा 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से है। महाराष्ट्र 10,000 से अधिक रोजाना ठीक होते मरीजों के साथ रिकवरी में सबसे आगे है और इसके बाद कर्नाटक में एक दिन में 8,000 से अधिक लोग ठीक हुए हैं।
6. मंत्रालय ने कहा कि नए संक्रमणों में से 74 प्रतिशत 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से थे। केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र प्रत्येक ने 4,000 से अधिक मामलों के साथ नए मामलों में अधिकतम योगदान दिया है। पश्चिम बंगाल में 3,000 से अधिक नए मामले सामने आए।
7. इसके साथ ही एक दिन में 490 मौतें हुई हैं। इनमें से लगभग 80 फीसदी मौतें, 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में हुई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 104 मौतें महाराष्ट्र में दर्ज की गई हैं। फिलहाल भारत का COVID-19 मामले में मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत है।
8. स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह 8 बजे के डेटा के मुताबिक देश में COVID-19 के कुल मामलों की संख्या 82,67,623 पहुंच गई है, जबकि मृत्यु का आंकड़ा 1,23,097 तक पहुंच गया है।
9. भारत में फिलहाल कोरोना वायरस के एक्टिव केस की संख्या 5,41,405 है। इनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 1,19,352, कर्नाटक 44,792 और पश्चिम बंगाल में 36,576 मामले हैं।
10. देश में फिलहाल दादरा एवं नागर हवेली और दमन एंड दीउ और मिजोरम ही दो ऐसे इलाके हैं, जहां मौत का आंकड़ा फिलहाल दहाई की संख्या से नीचे है। इनमें क्रमशः दो और एक की मौत हुई है।