Delhi Elderly Woman Death: दिल्ली में एक बंद घर में दो बुजुर्ग महिलाओं के शव संदिग्ध स्थिति में मिले हैं। पुलिस के मुताबिक घर में किसी के जबरदस्ती घुसने या किसी लूटपाट के सबूत नहीं मिले हैं।
देश की राजधानी दिल्ली के न्यू राजिंदर नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां गुरूवार की सुबह 10:30 बजे सफाई करने वाली एक बाई जब काम करने के लिए दोनों बुजुर्ग महिलाओं के घर पहुंची तो उसे घर के अंदर से बदबू आने लगी। जबकि उसने देखा की घर के सारे दरवाजे अंदर से बंद हैं। काम करने वाली महिला घबरा गई और आनन-फानन में उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर होश उड़ गए। घर के एक कमरे में दो बुजुर्ग महिलाएं मृत हालत में पड़ी दिखाई दी। जिसमें एक का शव पलंग पर जबकि दूसरी बुजुर्ग महिला की लाश फर्श पर पड़ी हुई मिली। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान करीब 80 साल की सरोज बाला और दूसरी की उनकी भाभी चंद्र कांता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरोज बाला अविवाहित थीं और पिछले कई सालों से अपनी भाभी के साथ दिल्ली के न्यू राजिंदर नगर वाले घर में ही रहती थी।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं की मौत एक या दो दिन पहले ही हो गई थी, क्योंकि शव सड़ने लगे थे। यही कारण है की लाशों में से बदबू आने लग गई। वहीं आस-पड़ोसियों का कहना है कि कईं दिनों से उन्होंने दोनों बुजुर्ग महिलाओं को घर से बाहर निकलते भी नहींं देखा।
जानकारी के मुताबिक, महिलाओं का घर एक मंजिला है। जिसमें अंदर जाने के चार दरवाजे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में घर का सामान बिखरा हुआ नहीं मिला और न ही किसी तरह की हाथापाई के निशान मिले हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों बुजुर्ग महिलाएं बढ़ती उम्र की बीमारियों से तो पीड़ित नहीं थीं या अकेलेपन के कारण तो ऐसा कदम नहीं उठाया। फिलहाल, पुलिस पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।