
Delhi weather update: दिल्ली का मौसम हर दिन नई करवट बदल रहा है। दो दिन पहले ही पालम में 120 किमी की रफ्तार से आई खतरनाक आंधी का असर खत्म भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को दिल्लीवाले एक नए मौसम के झटके के साथ जागे। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र, सफदरजंग में सिर्फ 24 घंटे के अंदर रात का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस उछलकर सीधे 30 डिग्री पर पहुंच गया। यानी अब रातें भी गर्म भाप की तरह तपेगी। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में रात का तापमान जहां 30 डिग्री रहा, वहीं दिल्ली-NCR के बाकी इलाकों में भी यही हाल था। ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। नजफगढ़ में रात का पारा 31.5 डिग्री, अयानगर में 30.6 डिग्री और पूसा में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके साथ ही हवा में उमस भी 29% से 59% के बीच रही, जिससे रात में बेचैनी और बढ़ गई है।
राहत और आफत दोनों साथ आ रही हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छाने की उम्मीद है। इसके बाद हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 50 से 60 किमी की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार बीच-बीच में 70 किमी तक भी पहुंच सकती है, जिससे कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून के समय में दिन की तेज धूप, गर्म रातें और अचानक आने वाले तूफान बहुत आम बात हैं। साल 2011 से अब तक के रिकॉर्ड बताते हैं कि जून के महीने में दिल्ली का तापमान अक्सर 44 डिग्री के पार जाता रहा है। इस महीने में कभी तो सिर्फ 10 mm बारिश होती है, तो कभी 240 mm तक पानी बरस जाता है। यह ऐसा महीना है जब भीषण गर्मी से मानसून की तरफ बदलाव होता है, इसलिए मौसम इतनी तेजी से करवट बदलता है।