
Delhi Crime News:राजधानी दिल्ली के दक्षिणी इलाके पुल प्रहलादपुर में एक गंभीर वारदात सामने आई है। यहां देर रात हुई आपसी झड़प और फायरिंग में एक 28 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 27 और 28 जुलाई की दरमियानी रात करीब 12:41 बजे की है। पुल प्रहलादपुर इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से सन्नाटा टूट गया। जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और पीसीआर वैन के जरिए दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने 28 साल के मोहम्मद इरशाद आलम को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने इरशाद पर पहले धारदार हथियार से गला रेतकर हमला किया और उसके बाद ताबड़तोड़ 11 गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही स्थिति गंभीर हो गई थी। हमले की चपेट में 27 साल के मोहम्मद फारुख भी आ गए। फारुख के बाएं हाथ में गोली लगी थी, जिसे एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताते हुए उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावरों ने वारदात के दौरान करीब 11 राउंड फायरिंग की थी। क्राइम सीन से फॉरेंसिक टीम को 10 खाली खोल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक इरशाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें बनाई गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, तकनीकी सर्विलांस (टेक्निकल सर्विलांस) की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस तरफ भागे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।