नई दिल्ली

दिल्ली-NCR में बारिश बनी आफत, सड़कों पर जलभराव; गुरुग्राम से नोएडा तक ट्रैफिक बेहाल, जानें IMD का नया अलर्ट

Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन ट्रैफिक और आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Delhi NCR Rain
प्रतीकात्मक तस्वीर

IMD Rain Alert: दिल्ली-NCR में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। रातभर हुई झमाझम बारिश के बाद गुरुवार सुबह भी दिल्ली और आसपास के शहरों में बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से शहरों की सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। इस वजह से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद के कई इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ बारिश से गर्मी में राहत मिली है, लेकिन वहीं दूसरी तरफ लोगों के लिए सड़कों से आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज के लिए भी नया अलर्ट जारी किया है जिसका मतलब है कि आज भी बरिश का दौर जारी रहने वाला है।

IMD का नया अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और मौसम को देखते हुए जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

गुरुग्राम में सबसे ज्यादा बिगड़े हालात

बारिश का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड और कई दूसरी मुख्य सड़कों पर पानी भर गया है। कई जगह पानी इतना ज्यादा भर गया कि गाड़ियां बीच सड़क पर ही बंद हो गईं। मंगलवार देर रात दफ्तर से घर लौट रहे लोगों को कई घंटे ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा और कुछ लोग 5 से 6 घंटे बाद अपने घर पहुंच सके।

दिल्ली से नोएडा तक जलभराव

राजधानी दिल्ली में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़ समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। वहीं नोएडा की फिल्म सिटी और आसपास की सड़कों पर भी जलभराव देखने को मिला। सुबह ऑफिस और स्कूल के समय सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कई जगह लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हुई।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार सुबह 4:15 बजे तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 66 मिमी बारिश पूसा में दर्ज हुई। इसके अलावा लोधी रोड में 65 मिमी, महरौली में 63 मिमी, मयूर विहार में 57 मिमी, छतरपुर में 47 मिमी, नारायणा और नजफगढ़ में 42-42 मिमी, जबकि जनकपुरी और प्रगति मैदान में 34-34 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी रातभर अच्छी बारिश हुई।