balochistan केच के तुरबत इलाके में एक Female journalist की गोली मारकर हत्या कर दी गई घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगा है
नई दिल्ली। बलूचिस्तान ( balochistan ) के केच जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां तुरबत इलाके में एक महिला पत्रकार ( Pakistani women journalist ) की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगा है। घटना की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आपको बता दें कि पाकिस्तान में घरेलू हिंसा ( domestic violence ) के मामले तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस ने मृतका की पहचान शहीना शाहीन के रूप में की है। शहीना शाहीन पीटीवी में एक स्थानीय एंकर के रूप में काम करतीं थी। इसके साथ ही वह एक स्थानीय पत्रिका में संपादक के पद पर थीं।
शहीना शाहीन ने बलूचिस्तान विश्वविद्यालय में फाइन आर्ट की पढ़ाई की थी। बताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद चलते शहीना के पति ने ही उसको मौत के घाट उतार दिया। घटना के पीछे एक कारण शहीना का बलूचिस्तान में काफी प्रसिद्धि पाना भी माना जा रहा है। एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार 2018 में बलूचिस्तान में सम्मान के नाम पर 30 महिलाओं सहित 50 लोगों का कत्ल कर दिया गया था। यह रिपोर्ट द ऑरात फाउंडेशन की ओर जारी की गई थी। यह संगठन महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए काम कर रही थी।
कार्यक्रम अधिकारी मुहम्मद अशफाक मेंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि इन घटनाओं में हत्याओं के पीछे कहीं न कहीं परिवार और करीबी रिश्तेदार ही शामिल थे। ऐसी अधिकांश घटनाओं में तथाकथित सम्मान और छोटे घरेलू झगड़ों के चलते पति, भाई या फिर और किसी रिश्तेदार ने ही हत्या कर दी। पुलिस शाहीन की मौत के पीछे भी ऐसा ही कारण मान कर चल रही है। पुलिस अधीक्षक नजीबुल्लाह पंडरानी ने कहा कि यह हत्या घरेलू हिंसा का परिणाम थी।
पुलिस अधीक्षक नजीबुल्लाह पंडरानी ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, पत्रकार शाहीन के परिजनों ने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि शाहीन की शादी महज पांच माह पहले ही हुई थी। पुलिस ने कहा कि उसके शव को दफनाने के लिए उसके आवास पर भेज दिया गया है।