
नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चप्पल फेंककर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं पप्पू यादव के वकील ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और इससे दिल्ली पुलिस की विफलता सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से लगातार शिकायत की जा रही थी कि सांसद के खिलाफ साजिश रची जा रही है और सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी भरे पोस्ट किए जा रहे हैं। इसके बावजूद मौके पर केवल तीन-चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए। उनका आरोप है कि मीडिया की मौजूदगी में चाकू निकालने जैसी घटना हुई।
वहीं पप्पू यादव के मीडिया कन्वीनर, जो घटना के समय मौके पर मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि पहले हमलावरों ने चप्पल फेंकी और फिर चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि समर्थकों ने हमलावर को रोकने का प्रयास किया। वह खुद पप्पू यादव और हमलावर के बीच आ गए, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और वह बेहोश हो गए। मीडिया कन्वीनर ने आरोप लगाया कि उन्होंने घटना से पहले पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से मिलकर लिखित शिकायत दी थी और सांसद को मिल रही धमकियों की जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पप्पू यादव की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
वहीं दूसरी तरफ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पप्पू यादव अपने हालिया संसद प्रदर्शन और उस पर उठे विवादों को लेकर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे तीखे सवाल पूछने शुरू किए। शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में विरोधी पक्ष की ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद पप्पू यादव के समर्थक भी आक्रोशित हो गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पप्पू यादव पर चप्पल फेंक दी।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में ले लिया। घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर उन पर हमला किया गया और यह उनकी हत्या की साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, अब तो रोज बाबा लोग कहते हैं कि पप्पू यादव को मारो, जला डालो, 51 लाख रुपये देंगे। मुझे मारने की साजिश थी, लेकिन मैं बच गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर के हाथ में चाकू भी था।