
Delhi Health Scam: दिल्ली के कथित 650 करोड़ रुपये के दवा और चिकित्सा उपकरण खरीद घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अखबार की रिपोर्ट साझा करते हुए दावा किया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दवाएं नहीं मिलने की वजह यही घोटाला है। अपने पोस्ट में उन्होंने सरकार के साथ-साथ मीडिया पर भी निशाना साधा और लिखा कि गोदी मीडिया कोमा में है।
संजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, "क्या आपको मालूम है कि दिल्ली के अस्पतालों में आपको दवा क्यों नहीं मिलती? क्योंकि प्रभु श्रीराम का चंदा चोरी करने वाली 'चंदा चोर पार्टी' ने आपकी 300 करोड़ की दवा चोरी कर ली है। रेखा गुप्ता सरकार ने 650 करोड़ का स्वास्थ्य घोटाला कर लिया, लेकिन 'गोदी मीडिया' कोमा में है।"
संजय सिंह ने अपने पोस्ट के साथ जिस अखबार की कटिंग शेयर की है, उसमें दावा किया गया है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के जरिए दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद में बड़ा घोटाला हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 400 करोड़ रुपये की दवाएं खरीदने के दौरान लगभग 300 करोड़ रुपये का कथित कमीशन (किकबैक) लिया गया। आरोप है कि दवाएं और मेडिकल सामान बाजार से कई गुना ज्यादा कीमत पर खरीदे गए और बाद में सप्लायरों से मोटी रकम कमीशन के तौर पर वापस ली गई। मामले की जांच अभी जारी है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित कमीशन का पैसा किन-किन लोगों तक पहुंचा।
इस मामले में पूर्व डीजीएचएस डॉ. वत्सला अग्रवाल, सीपीए के पूर्व प्रमुख डॉ. बिनोद रंगा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, एसीबी और ईडी इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए एक डाटा असिस्टेंट को नौकरी से निकाल दिया है, जबकि एक फार्मासिस्ट समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित कमीशन का पैसा आखिर किन-किन लोगों तक पहुंचा और इस पूरे मामले में और कौन-कौन शामिल था।