Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों थिएटर में तबाही बनकर करोड़ों रुपये छाप रही है। फिल्म के लिए फैंस पागल हो रखे हैं। ऐसे में एक बड़ी अभिनेत्री ने इस फिल्म की खुलकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पूरी फिल्म में केवल रणवीर के बाल ही दिखाई दे रहे हैं। कृपया इस फिल्म को थिएटर में न देखें अपने पैसे बचाएं।
Dhurandhar 2 Box Office: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' जहां बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश कर रही है। फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी, जिसके बाद फिल्म ने महज 2 दिनों में ही तूफानी कमाई कर बड़ी-बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। जहां पूरा देश इस समय धुरंधर 2 का दीवाना हो रखा है वहीं दूसरी तरफ आलोचनाओं के तीखे तीर भी चल रहे हैं। एक ऐसी ही अभिनेत्री सामने आई है जिसने फिल्म को लेकर अपनी भड़ास निकाली है। साथ ही लोगों से थिएटर न जाने की अपील भी कर दी है। यह सब किसी और ने नहीं बल्कि पूर्व लोकसभा सांसद और मशहूर कन्नड़ एक्ट्रेस राम्या (दिव्या स्पंदना) ने किया है। फिल्म रिलीज होने के लगभग 1 दिन बाद ही राम्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर फिल्म के मेकर्स और लीड एक्टर रणवीर सिंह पर जमकर तंज कसे हैं।
राम्या ने दर्शकों को दोटूक सलाह दी है कि वह सिनेमाघरों में जाकर अपना कीमती समय और पैसा बर्बाद न करें। उन्होंने लिखा कि फिल्म इतनी उबाऊ है कि इसके ओटीटी (OTT) पर आने का इंतजार करना ही समझदारी होगी। राम्या ने फिल्म के हर पहलू- चाहे वह निर्देशन हो, डायलॉग हों या एडिटिंग-सबको 'बेहद खराब' बताया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे मेकर्स ने डेडलाइन के दबाव में बिना सोचे-समझे फिल्म को बस "हां परफेक्ट है, भेज दो" कहकर रिलीज कर दिया है।
फिल्म में रणवीर सिंह के लुक और उनकी परफॉरमेंस पर निशाना साधते हुए राम्या ने काफी मजाकिया लहजे में बात की। उन्होंने लिखा, "लोग कह रहे हैं कि रणवीर ने पूरी फिल्म को अपने कंधों पर उठाया है, लेकिन मुझे तो पर्दे पर उनके कंधों से ज्यादा उनके बाल दिखाई दिए। पहले पार्ट में उनके बालों की अपनी एक पर्सनैलिटी थी, लेकिन इस पार्ट में वह सिर्फ दृश्यों (Scenes) को ब्लॉक कर रहे हैं। उनके बालों को तो 'बेस्ट सपोर्टिंग रोल' के लिए नॉमिनेट कर देना चाहिए।"
राम्या ने फिल्म में दिखाई गई अत्यधिक हिंसा और 'अजीब' लॉजिक पर भी सवाल उठाए। उन्होंने फिल्म को 'हथियारों की विजुअल हैंडबुक' करार दिया, जिसमें सिरिंज और स्पैनर जैसी चीजों से भी कत्लेआम मचाया गया है। फिल्म के एक सीन का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, "दोनों पैर कटने और शरीर पर केरोसिन डालने के बाद भी किरदार ऐसे डायलॉग बोल रहा है जैसे वह किसी 'टेड टॉक' (TED Talk) में हो। इसके लिए ऑस्कर नहीं बल्कि नोबेल प्राइज मिलना चाहिए। मेडिकल साइंस की जय हो!"
राम्या ने डायरेक्टर आदित्य धर को नसीहत दी कि अब 'अंधराष्ट्रवाद' (Jingoism) और प्रोपेगेंडा का जमाना पुराना हो गया है, दर्शकों को अब इससे ज्यादा की उम्मीद है। उन्होंने रणवीर सिंह से भी अपील की कि वह एक बेहतरीन एक्टर हैं और उन्हें इस तरह की कमजोर स्क्रिप्ट वाली फिल्मों से दूर रहना चाहिए। राम्या के इस तीखे पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है, जहाँ रणवीर के फैंस और फिल्म के आलोचक आमने-सामने आ गए हैं