अहमदाबाद. देश में करीब एक करोड़ और पूरी दुनिया में लगभग पांच करोड़ लोग मिर्गी की समस्या से प्रभावित हैं। यह आंकड़ा बताता है कि मिर्गी कितनी बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है। इसके बावजूद समाज में इस बीमारी को लेकर आज भी कई तरह की गलत धारणाएं और अंधविश्वास प्रचलित हैं। मिर्गी के मरीजों को अक्सर सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है, जबकि यह छुआछूत की बीमारी नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, सही समय पर पहचान, नियमित दवाइयों और परिवार के सहयोग से 70 से 80 फीसदी मरीजों के दौरे नियंत्रित किए जा सकते हैं और वे सामान्य जीवन जी सकते हैं।अहमदाबाद सिविल अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुचित पांडे के अनुसार अस्पताल के न्यूरो संबंधित मरीजों में से लगभग 20 फीसदी मरीज मिर्गी से पीड़ित होते हैं। उनका कहना है कि अधिकांश मामलों में दवाइयों से अच्छा नियंत्रण संभव है, जबकि करीब 10 से 20 फीसदी मामलों में जटिलताएं सामने आ सकती हैं। ऐसे मरीजों को विशेषज्ञ की देखरेख में अतिरिक्त उपचार की जरूरत पड़ सकती है।