
Prayas School News: @ ताबीर हुसैन। रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास बालक आवासीय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट के मामले में आखिरकार आदिवासी विकास विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्रिका में 18 अगस्त को प्रकाशित खबर के बाद सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने विद्यालय की प्राचार्य को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
नोटिस में विभाग ने कहा है कि 14 अगस्त को विद्यालय में छात्रों के बीच गंभीर मारपीट की घटना हुई, जिसमें कुछ विद्यार्थियों के चोटिल होने तथा छात्रावास में शिङ्क्षफ्टग व्यवस्था को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई है। विभाग ने यह भी कहा है कि घटना के समय मौके पर किसी शिक्षक अथवा वार्डन की अनुपस्थिति पाई गई, जिसे छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।
प्राचार्य से 14 अगस्त की मारपीट की वास्तविक स्थिति और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात शिक्षक/वार्डन की उपस्थिति की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा छात्रों के छात्रावास स्थानांतरण को लेकर विवाद का मुख्य कारण और गंभीर घटना के बाद विभागीय उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना नहीं देने का स्पष्ट कारण बताने को कहा गया है।
नोटिस में यह भी उल्लेख है कि अभिभावकों के विद्यालय पहुंचकर चिंता जताने के बावजूद घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के बजाय मामले को छिपाने और अनभिज्ञता जाहिर करने का प्रयास किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में समाधानकारक जवाब नहीं मिलने पर प्राचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग की ओर से जारी नोटिस में प्राचार्य को 24 घंटे के भीतर समाधानकारक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में प्राचार्य के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद प्रयास विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रावास प्रबंधन को लेकर भी सवाल गंभीर हो गए हैं। अब प्राचार्य की ओर से दिए जाने वाले जवाब के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई तय करेगा।