नोएडा

आंधी-बारिश में मौत का तांडव, चंद सेकंड में केबिन पर पलटी भारी-भरकम क्रेन, देखें खौफनाक वीडियो

Faridabad Crane Accident: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे आंधी-बारिश के कारण हुए क्रेन हादसे का वीडियो सामने आया है। जिसमें तेज रफ्तार से चल रही आंधी-बारिश में क्रेन पोर्टा केबिन पर गिरती हुई दिखाई दे रही है।

2 min read
Jun 05, 2026
faridabad crane accident
PHOTO ANI

Faridabad Crane Accident: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर चल रहे निर्माण के बीच एक भीषण हादसे का वीडियो सामने आया है जिसको देखकर हर किसी की रूह कांप जाएगी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच एक गैंट्री क्रेन का बैलेंस बिगड़ जाता है और वो धीरे धीरे करके वहां बने पोर्टा केबिन पर गिर जाती है। इस दर्दनाक हादसे में केबिन के अंदर मौजूद तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचा लिया गया।

बारिश से बचने के लिए केबिन में गए थे मजदूर

सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के समय निर्माण स्थल पर मौसम बेहद खराब था। मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण पूरा इलाका कीचड़ और फिसलन से भरा हुआ था। इसी दौरान सैकड़ों टन वजनी गैंट्री क्रेन अचानक अपनी पटरी पर रेंगने लगती है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि क्रेन पटरी पर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई और संतुलन खोकर सीधे वहां रखे एक पोर्टा केबिन पर पलट गई। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। क्रेन इतनी भारी थी कि उसे हटाना नामुमकिन था, इसलिए बचाव दल ने गैस कटर का इस्तेमाल कर केबिन को काटना शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले बेहद मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन शवों और एक घायल मजदूर को बाहर निकाला जा सका। सामने आए वीडियो ने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ ही क्षणों में एक सामान्य निर्माण स्थल मौत के मंजर में बदल गया। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ निर्माण कंपनी के कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण और अन्य लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। क्रेन के नीचे दबे मजदूरों को निकालने के लिए मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद ली गई।

Published on:
05 Jun 2026 07:01 pm