नोएडा

शादी के कार्ड बांटकर बाइक से लौट रहे मां-बेटे फ्लाईओवर से नीचे गिरे, दर्दनाक मौत

दादरी बाईपास के निकट नेशनल हाइवे-91 पर बाइक का टायर फटने से हुए हादसे में मां-बेटे की मौत
2 min read
Apr 22, 2018
noida

नोएडा. जिस घर में शादी की शहनाईयां बजनी थी, वहां अब गम का माहौल है। दरअसल, एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशी को गम में बदल दिया है। घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी बाईपास से गुजरने वाले नेशनल हाइवे—91 पर हुई। जब एक तेज रफ्तार बाइक का टायर अचानक फटने से बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाइओवर पर लगी रेलिंग से जा टकराई। इस हादसे में बाइक पर सवार मां—बेटे फ्लाइओवर से नीचे जा गिरे, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के लोनी कस्बे के संगम विहार निवासी राहुल अपनी मां लज्जावती के साथ शनिवार देर शाम मोटरसाइकिल पर अलीगढ़ से ममेरे भाई की शादी से घर लौट रहा था। दादरी बाईपास से गुजरने वाले नेशनल हाइवे—91 के नजदीक नार्थलैंड चौराहे से कुछ दूर एनटीपीसी अंडरपास के नजदीक उसकी बाइक पिछला टायर अचानक फट गया। इससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर लोहे की ग्रिल से टकरा गई और मां-बेटे सात फीट नीचे अंडरपास के समीप सर्विस रोड पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना डायल 100 पर दे दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे को दादरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मां—बेटे दोनों रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के साथ अपने घर में होने वाली शादी के कार्ड भी देने गए थे। लेकिन, जैसे उनके घर दोनों की मौत की खबर पहुंची तो घर में मनाई जा रही शादी की खुशियां चीख पुकार में तब्दील हो गई।

यह भी पढ़े- अब जामा मस्जिद से मुस्लिम धर्मगुरुओं ने किया ये बड़ा ऐलान

Published on:
22 Apr 2018 09:25 am