नोएडा

नोएडा में एक और ट्विशा जैसा मामला?, 6 महीने पहले हुई थी शादी, अब पंखे से लटका मिला शव

Noida Dowry Death Case में 22 साल की नवविवाहित पूजा का शव सोमवार रात पंखे से लटका मिला है। परिवार वालों का ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
2 min read
May 26, 2026
Noida Dowry Death Case
ट्विशा केस जैसा ही नोएडा में एक और मामला (Photo-AI)

Noida Dowry Death Case: नोएडा में एक और ट्विशा जैसा मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-63 की छिजारसी कॉलोनी में 22 साल नवविवाहिता पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पूजा का शव देर रात ससुराल में पंखे से लटका मिला। जानकारी के अनुसार उसकी शादी सिर्फ छह महीने पहले हुई थी। घटना के बाद पूजा के परिवार के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

छह महीने पहले ही हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक पूजा की शादी करीब छह महीने पहले ही अभिषेक पाल से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति और ससुराल वालों के साथ छिजारसी कॉलोनी में रह रही थी। परिवार का कहना है कि शुरुआती दिनों से ही उसे ससुराल में परेशान किया जा रहा था। इसी वजह से पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की खबर मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि अधिकारियों की मौजूदगी में ही जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया। फिलहाल परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूजा की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही केस को दिशा मिलेगी। जांच अधिकारी परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रहे हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी।

ट्विशा मामला क्या है?

ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस थीं, जिनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के लगभग 5 महीने बाद मई 2026 में उनकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उनसे 20 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे और उन्हें परेशान कर रहे थे। मामला इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि पति वकील हैं और सास रिटायर्ड जज हैं। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग तेज होने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को संज्ञान में लिया है और साथ ही अब इस मामले की जांच CBI के हाथों में थमा दी है।

Updated on:
26 May 2026 01:54 pm
Published on:
26 May 2026 01:54 pm