नोएडा

नोएडा का ‘साइको’ अकाउंटेंट गिरफ्तार, लड़कियों की कमर पर मारता था कैंची

Noida Crime News: नोएडा में लड़कियों पर कैंची से हमला करने वाला 'साइको' अकाउंटेंट गिरफ्तार। वजह जानकर पुलिस भी हैरान, लड़कियों को जख्मी करने में मिलती थी खुशी। जानें पूरा मामला...

2 min read
May 24, 2026
लड़कियों पर कैंची से हमला करने वाला साइको गिरफ्तार | फोटो सोर्स- X

Noida Crime News: नोएडा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सड़क पर चलने वाली लड़कियों को निशाना बनाने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह युवक स्कूटी से आता था और पैदल जा रही लड़कियों की कमर पर पीछे से कैंची मारकर फरार हो जाता था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट है। जब पुलिस ने उससे पूछा कि वह ऐसा क्यों करता था, तो उसका जवाब सुनकर हर कोई दंग रह गया। आरोपी ने बताया कि उसे लड़कियों से नफरत है और उन्हें जख्मी करने से उसके मन को खुशी मिलती थी।

ये भी पढ़ें

‘केवल मुसलमानों को गाली देना हिंदू धर्म नहीं’, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का BJP पर बड़ा हमला

10 मिनट में दो लड़कियों को बनाया शिकार

यह घटना नोएडा के सेक्टर-58 इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम को दो अलग-अलग कंपनियों में काम करने वाली लड़कियां ऑफिस से पैदल अपने घर लौट रही थी। तभी सेक्टर-56 के पास सफेद टी-शर्ट पहने एक स्कूटी सवार आया। उसने सिर्फ10 मिनट के अंदर दोनों लड़कियों पर पीछे से किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि एक लड़की खून से लथपथ होकर सड़क पर ही बेहोश हो गई, जबकि दूसरी लड़की भी बुरी तरह घायल हो गई। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

CCTV फुटेज से खुला 'साइको' का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, जिससे आरोपी की स्कूटी का नंबर मिल गया। इसी नंबर की मदद से पुलिस गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी पहुंची और 26 साल के आरोपी अंकित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। अंकित सेक्टर-62 की एक कंपनी में अकाउंटेंट की नौकरी करता है।

रास्ते में मिली कैंची से रच डाली खूनी साजिश

पूछताछ में अंकित ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले उसे रास्ते में पीतल की एक टूटी हुई कैंची मिली थी। उसने उसे अपने बैग में रख लिया। वह रोज ऑफिस से निकलते ही उस कैंची को हाथ में ले लेता था और सड़क पर किसी भी अकेली लड़की को देखकर पीछे से वार कर देता था। उसने यह माना कि लड़कियों को तड़पता देख उसको मन को खुशी मिलती है।

पैर मोटे दिखाने के लिए पहनता था कई कपड़े

जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने जींस के नीचे दो-तीन पैंट और पहन रखे थे। इस पर उसने अजीब बहाना बनाया कि उसके पैर बचपन से पतले हैं, इसलिए पैरों को मोटा दिखाने के लिए वह ऐसा करता था। वहीं दूसरी तरफ, अंकित की इस हरकत के बारे में सुनकर उसकी पत्नी और माता-पिता सदमे में हैं। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि अंकित ऐसी घिनौनी हरकत कर सकता है।

गिरफ्तारी के बाद सामने आई तीन और पीड़ित महिलाएं

जैसे ही इस 'साइको' अकाउंटेंट की गिरफ्तारी की खबर सोशल मीडिया पर फैली, वैसे ही तीन और पीड़ित महिलाएं हिम्मत जुटाकर थाने पहुंच गई। उन्होंने बताया कि वे भी इस युवक के हमले का शिकार हो चुकी हैं। कोर्ट ने आरोपी अंकित को जेल भेज दिया है और पुलिस अब उसके घरवालों और दफ्तर के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि उसकी दिमागी हालत का पता लगाया जा सकें।

ये भी पढ़ें

‘बीवी पूछ रही है… कैसे BJP नेता हो जो लाइट नहीं दे पा रहे!’ चंदौली में बिजली कटौती से परेशान लोगों को फूटा गुस्सा
Also Read
View All