नोएडा

सर्दी से बचने के लिए घर में अलाव जलाकर हाथ ताप रहे दो लोग जिंदा जले

बढ़ती सर्दी का सितम हो रहा है जानलेवा साबित
2 min read
Dec 19, 2017
Noida

नोएडा. बढ़ती सर्दी का सितम जानलेवा साबित हो रहा है। इससे बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं, लेकिन सेक्‍टर-49 और जारचा कोतवाली के गांवों में इसी अलाव के चलते दो लोगों की जलने से मौत हो गई है। पहली घटना बरोला गांव की है जहां ठंड से बचने के लिए सुबह लोहे के तसले में आग लगाकर हाथ ताप रही बुजुर्ग महिला झुलसने से मौत हो गई। वहीं जारचा कोतवाली के खटाना गांव में घर में हीटर लगाकर अकेले सो रहे व्यक्ति की आग से जलकर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामले में कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

जानकारी के अनुसार हरदोई निवासी 90 वर्षीया फूलगौरा अपने बेटे के पास बरोला गांव के प्रहलादपुर में रहती थी। वह दो साल से अपने बेटे रामबाबू के साथ ही रह रही थी। रामबाबू प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह सोमवार सुबह अपनी नौकरी पर चला गया था। घर पर उसकी मां ही मौजूद थी। सर्दी होने के चलते मां फूलगौरा ने तसले में अलाव जला लिया था। उसी समय उनकी रजाई का एक हिस्सा आग में गिर गया। इस बात का पता उन्हें नहीं चला। आग ने रजाई के साथ ही फूलगौरा को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास किसी के न होने के कारण आग लगने की जानकारी किसी को नहीं लगी। वृद्धावस्था होने के कारण न तो वह चिल्ला पार्इ और न ही अपना बचाव कर सकी। आखिर, उनकी उसी छोटे से कमरे में मौत हो गई।

वहीं दूसरी घटना जारचा कोतवाली के खटाना गांव में घटी। यहां सुभाष घर में चारपाई के बराबर में हीटर जलाकर सो रहा था। इसी दौरान हीटर से रजाई में आग लग गई। इससे उसकी जलकर मौत हो गई। सुबह जब घर के दरवाजे नहीं खुले तो परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो उसका शव जला हुआ मिला। पुलिस ने दोनों मामले में कागजी कार्रवाई करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।

Published on:
19 Dec 2017 09:17 am